जगतरा स्कूल में 38वीं बार सजा ‘नेवता भोज’, पितृ स्मरण में धनकर परिवार ने बच्चों को कराया भोज

Darshan Balod
0

 




बालोद। पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला जगतरा में मंगलवार को 38वीं बार नेवता भोज का आयोजन किया गया। पितृपक्ष के अवसर पर श्री मिलेन्द्र धनकर एवं श्री किशन धनकर ने अपने पिता स्वर्गीय देवनारायण धनकर की एकादशी श्राद्ध के अवसर पर विद्यालय के बच्चों के लिए नेवता भोज कराया। इस दौरान बच्चों को खीर, पूरी, चना और आलू की सब्जी परोसी गई।

विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती खेमलता ठाकुर ने कहा कि नेवता भोज केवल भोजन कराने की परंपरा नहीं, बल्कि बच्चों के पोषण और सामुदायिक सहभागिता से जुड़ी पहल है। इससे विद्यार्थियों को अतिरिक्त पोषण मिलता है तथा कैलोरी, प्रोटीन और अन्य आवश्यक पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अब तक 38 बार नेवता भोज का आयोजन हो चुका है और सभी आयोजनों का पंजी संधारण भी विद्यालय द्वारा किया जा रहा है।

प्रधान पाठक ने नेवता भोज कराने वाले धनकर परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अभिभावक अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, पुण्यतिथि या किसी अन्य खुशी एवं विशेष अवसर पर भी विद्यालय में बच्चों के साथ यह आयोजन कर सकते हैं। इससे बच्चों के साथ खुशियां साझा करने के साथ विद्यालय और समाज के बीच सहभागिता भी मजबूत होती है।

आयोजन के दौरान विद्यालय का वातावरण उत्साहपूर्ण रहा। बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया। इस अवसर पर सहायक शिक्षक श्रीमती अनुपमा चौबे, श्रीमती अन्नपूर्णा मंडावी, श्रीमती पद्मिनी साहू, संगीत शिक्षिका तबस्सुम, स्पोर्ट्स शिक्षक टिकेश्वर कुमार, रसोइया श्रीमती रामेश्वरी कौशिक एवं श्रीमती सुभो यादव सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

नेवता भोज के 38वीं बार सफल आयोजन पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेशकुमार पिस्दा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार यादव, बीआरसी शैलेंद्र पांडे तथा मध्यान्ह भोजन प्रभारी श्रीमती रजनी वैष्णव शर्मा ने विद्यालय परिवार और आयोजनकर्ता परिवार को शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top