8 घंटे में खुला बालोद एसिड अटैक का राज, प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर रची थी साजिश

Darshan Balod
0

 



तीन महीने पहले बनाई योजना, गणेश झांकी के दौरान भी वारदात की थी तैयारी; सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस पहुंची आरोपियों तक

बालोद। शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में 5 अक्टूबर को युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले का बालोद पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर ने अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम के साथ मिलकर घटना की साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एसिड तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक बालोद शहर में रहने वाली युवती प्रतिदिन की तरह लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर एसिड फेंककर हमला कर दिया। युवती की आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और उसके पिता को घटना की जानकारी दी। इसके बाद युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। घटना के बाद आरोपी तांदुला डैम की ओर फरार हो गया।



मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में तत्काल व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर संदिग्धों से पूछताछ शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुली परतें

एसडीओपी विनय साहू की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ शहर में अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर, वर्तमान निवासी कुंदरूपारा, बालोद को संदेह के घेरे में लिया। पुलिस के अनुसार यश ने पूछताछ के दौरान कई मनगढ़ंत कहानियां बताकर जांच को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में घटनाक्रम की कड़ियां सामने आने लगीं।

पुलिस के मुताबिक यश ने युवती से प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की। युवती द्वारा किसी अन्य स्थान पर प्रेम संबंध और शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज होकर उसने करीब तीन माह पहले अपने स्कूल मित्र करण कुंजाम के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी।

गणेश झांकी के दौरान भी वारदात की थी तैयारी

पुलिस के अनुसार यश लगातार युवती को मनाने का प्रयास कर रहा था। जब वह तैयार नहीं हुई तो उसने अपने दोस्त करण कुंजाम को 26 सितंबर को बालोद बुलाया। दोनों ने 27 सितंबर को एसिड खरीदकर गणेश झांकी के दौरान घटना को अंजाम देने की योजना बनाई थी, लेकिन उस समय शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण उन्होंने योजना को टाल दिया।

इसके बाद 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे, जब युवती लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी, तब कथित रूप से यश के कहने पर करण कुंजाम ने युवती पर एसिड फेंका। वारदात के बाद करण मौके से फरार होकर तांदुला बांध की ओर भागा। वहां से लिफ्ट लेकर वह झलमला, मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा।

कोंडागांव से पकड़ा गया दूसरा आरोपी



यश सोनकर द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसके साथी करण कुंजाम की तलाश तेज कर दी। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर करण को कोंडागांव से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने अपने मेमोरेण्डम कथन में घटना कारित करना स्वीकार किया है। उनके बताए अनुसार घटना में प्रयुक्त एसिड तथा घटना के समय पहने गए कपड़ों को पुलिस ने जब्त किया है।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में यश कुमार सोनकर, पिता ईश्वर लाल सोनकर, उम्र 20 वर्ष, वार्ड नंबर 11, ग्राम नेवारीकला, जिला बालोद तथा करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम, उम्र 20 वर्ष, वार्ड नंबर 15, भैरमगढ़, थाना भैरमगढ़, जिला बीजापुर को गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका, खुलासे का वीडियो देखने नीचे दिए लिंक पर क्लिक करिए

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, थाना प्रभारी गुरुर निरीक्षक मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी सहित थाना कोतवाली बालोद के समस्त स्टाफ और साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बालोद पुलिस की अपील

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें। किसी व्यक्ति द्वारा पीछा किए जाने, धमकी देने या परेशान किए जाने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top