धान खरीदी के नाम पर 6.71 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, बालोद पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Darshan Balod
0

 



बालोद। गर्मी फसल की धान खरीदी के दौरान भुगतान के लिए दिए गए चेक अनादरित होने के मामले में बालोद थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर कुल 6 लाख 71 हजार 414 रुपये की धान खरीदी कर भुगतान में धोखाधड़ी करने का आरोप है। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस के मुताबिक ग्राम हीरापुर निवासी मनसुख साहू एवं परमानंद साहू ने संयुक्त रूप से लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में ग्राम मेड़की निवासी संजय कुमार साहू (45 वर्ष) पर वर्ष 2026 में गर्मी फसल की धान खरीदी के दौरान राशि एवं चेक संबंधी लेन-देन में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया।

शिकायत के अनुसार आरोपी ने मनसुख साहू से 150 क्विंटल 30 किलोग्राम धान 2,300 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कुल 3,45,690 रुपये में खरीदा था। भुगतान के लिए दिए गए चेक बैंक में प्रस्तुत किए जाने पर खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण अनादरित हो गए।

इसी तरह दूसरे लेन-देन में 183 क्विंटल 28 किलोग्राम धान 2,050 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कुल 3,75,724 रुपये में खरीदे जाने की शिकायत है। इसमें 50 हजार रुपये नगद भुगतान करने के बाद शेष 3,25,724 रुपये के चेक दिए गए थे, जो बैंक में प्रस्तुत करने पर अनादरित हो गए।

दस्तावेज और चेक किए गए जब्त

पुलिस ने विवेचना के दौरान शिकायतकर्ता एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। साथ ही धान खरीदी से संबंधित दस्तावेज, आरोपी द्वारा दिए गए चेक और इकरारनामा सहित अन्य अभिलेख जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार विवेचना में कुल 6,71,414 रुपये की धान खरीदी के भुगतान को लेकर धोखाधड़ी किए जाने संबंधी तथ्य सामने आए।

इसके बाद आरोपी संजय कुमार साहू, पिता स्वर्गीय अधनू राम साहू, निवासी ग्राम मेड़की, थाना व जिला बालोद के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी 30 सितंबर 2026 को रात 8 बजे की गई और इसकी सूचना परिजनों को दी गई। आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।

बालोद पुलिस ने नागरिकों से कृषि उपज की खरीदी-बिक्री एवं अन्य आर्थिक लेन-देन के दौरान आवश्यक दस्तावेज और भुगतान संबंधी अभिलेख सुरक्षित रखने तथा धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top