बालोद। सनौद थाना पुलिस ने सोना चोरी और ग्राहकों के आधार कार्ड व बायोमेट्रिक जानकारी का कथित दुरुपयोग कर सिम एक्टिवेट करने के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए करीब 2 लाख 79 हजार 450 रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। वहीं, सिम धोखाधड़ी के मामले में घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्णा के निर्देशन तथा गुरुर एसडीओपी माया शर्मा के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
अरकार में चोरी हुए 28 ग्राम सोने के आभूषण बरामद
पुलिस के अनुसार, ग्राम अरकार निवासी ज्योति साहू ने 9 जून 2026 को घर में घुसकर सोने के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चोरी गए सामान में 13 ग्राम का एक सोने का गुलबंद, 10 ग्राम की एक जोड़ी झुमके और 5 ग्राम की एक जोड़ी टॉप्स शामिल थे। कुल वजन 28 ग्राम बताया गया है। इस मामले में अपराध क्रमांक 98/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305 में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भिलाई से रामअवतार सिंह (37 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की और उसके पास से चोरी गए आभूषण बरामद किए गए। जब्त आभूषणों की कुल कीमत 2,79,450 रुपये बताई गई है।
आरोपी रामअवतार सिंह, मूल निवासी रुस्तमगढ़, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), वर्तमान में शारदा पारा, वैकुंठ धाम, कैंप-2 भिलाई, जिला दुर्ग में रह रहा था। पुलिस ने उसे 2 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आधार और बायोमेट्रिक का दुरुपयोग कर चार सिम एक्टिवेट करने का आरोप
दूसरा मामला ग्राहकों के दस्तावेजों का कथित दुरुपयोग कर सिम कार्ड एक्टिवेट करने से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, ग्राम भरदाखुर्द निवासी जीवन लाल निषाद ने शिकायत की थी कि 10 फरवरी 2024 को ग्राम सनौद में एयरटेल सिम को वोडाफोन-आइडिया कंपनी में पोर्ट कराने के लिए आधार कार्ड दिया था। इस दौरान लाइव फोटो और बायोमेट्रिक प्रक्रिया के बाद उसके नाम पर चार अन्य सिम नंबर एक्टिवेट किए जाने का आरोप है।
इस मामले में अपराध क्रमांक 47/2025 के तहत धोखाधड़ी एवं दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रोशन लाल देवांगन (29 वर्ष), निवासी डिपरापारा, वार्ड क्रमांक 39, थाना सिटी कोतवाली दुर्ग, की पहचान की। पुलिस ने उसे दुर्ग से हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2023 से एयरटेल और वर्ष 2024 से वोडाफोन-आइडिया कंपनी में एजेंट के रूप में काम कर रहा था। आरोप है कि उसने ग्राहकों के आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट का उपयोग कर एक ही ग्राहक के नाम पर चार सिम एक्टिवेट किए। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है तथा मामले में विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की भूमिका
दोनों मामलों की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनसिंह सोरी, सहायक उपनिरीक्षक नंद कुमार साहू, प्रधान आरक्षक हिरदेराम कोलियारा, आरक्षक दमन वर्मा, टिकेन्द्र कुमार सोरी, गौकरण यादव, गोविन्द साहू तथा साइबर सेल प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक रूमलाल चुरेन्द्र, आरक्षक मिथलेश यादव और पूरन देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



