डौंडीलोहारा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा शुक्रवार को नगर स्थित कांग्रेस भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती सादगी एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अनिला भेड़िया की विशेष मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनिला भेड़िया ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का पूरा जीवन देश की निस्वार्थ सेवा के लिए समर्पित रहा। उनके जीवन मूल्य और सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजकुमार प्रभाकर ने कहा कि देश की आजादी और नवनिर्माण में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री का योगदान अविस्मरणीय है। उनके विचार आज भी देश को सही दिशा दिखाने का काम करते हैं। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सत्य, अहिंसा और सादगी के मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हुए इसे दोनों महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
माधव गिरी गोस्वामी का मनाया जन्मदिन
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता माधव गिरी गोस्वामी का जन्मदिन भी मनाया गया। 2 अक्टूबर को जन्मदिन होने के अवसर पर विधायक अनिला भेड़िया सहित उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें केक खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता हस्तीमल सांखला, अनिल लोढ़ा, गोविंद चंद्राकर, माधव गिरी गोस्वामी, मेघनाथ साहू, शेख फरीद सिद्दीकी, राजाराम तारम, संजय गुप्ता, किशोर दीवान, रवि साहू, गणेश रात्रे, लोकनाथ निषाद, बिमला ठाकुर, गुलाब भंसाली, कमलेश सिंह टांक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

