एसिड अटैक की घटना से आक्रोश, ABVP ने दोषी पर कठोर कार्रवाई की मांग की

Darshan Balod
0

 



बालोद। शहर में लाइब्रेरी से घर लौट रही 22 वर्षीय युवती पर हुए कथित एसिड अटैक की घटना को लेकर आक्रोश है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), जिला बालोद ने घटना की निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई और महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

ABVP ने कहा कि किसी युवती पर इस तरह का हमला गंभीर अपराध है और ऐसी घटनाओं से छात्राओं एवं महिलाओं में असुरक्षा की भावना पैदा होती है। परिषद ने प्रशासन से मामले की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

परिषद ने पीड़िता को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उसके उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी। इसके साथ ही शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने पर जोर दिया गया है।

लाइब्रेरी और कोचिंग क्षेत्रों में बढ़े निगरानी

ABVP ने कहा कि लाइब्रेरी, कोचिंग संस्थानों और ऐसे स्थानों पर, जहां छात्र-छात्राओं की नियमित आवाजाही रहती है, पुलिस निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए। परिषद के अनुसार महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था भी प्रभावी होनी चाहिए।

ABVP की प्रमुख मांगें

परिषद ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी कर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई, पीड़िता को उच्चस्तरीय एवं निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच तथा दोषी को शीघ्र न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की मांग की है। इसके अलावा छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए शहर में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग रखी गई है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जिला बालोद ने कहा कि महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। परिषद ने पीड़िता और उसके परिवार के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए मामले में प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top