मिशन वात्सल्य, पॉक्सो एक्ट, हेल्पलाइन 181 व 1098 तथा विभागीय योजनाओं से कराया गया अवगत
बालोद। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा के मार्गदर्शन एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू के नेतृत्व में मारुति नर्सिंग महाविद्यालय बालोद में छात्राओं के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित योजनाओं, अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना रहा।
कानून और विभागीय योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में छात्राओं को महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं के साथ मिशन वात्सल्य, एकीकृत बाल संरक्षण सेवाओं तथा बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों की जानकारी दी गई। इसके अलावा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006, पॉक्सो एक्ट 2012 तथा किशोर न्याय अधिनियम 2015 के प्रमुख प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।
हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी
जागरूकता सत्र के दौरान छात्राओं को आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सखी वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली एवं परामर्श सेवाओं के बारे में भी बताया गया।
छात्राओं को विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाते हुए महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। विभाग की ओर से अपील की गई कि आसपास बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण अथवा महिलाओं और बच्चों से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग या हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सुरक्षा एवं संरक्षण उपलब्ध कराया जा सके।
कार्यक्रम में जिला परियोजना समन्वयक वेद प्रकाश साहू, चाइल्ड हेल्पलाइन काउंसलर पूर्णिमा साहू, जिला मिशन समन्वयक (मिशन शक्ति) डॉ. एस. कुमार एवं सुपरवाइजर नेहा चन्द्राकर सहित महाविद्यालय की छात्राएं एवं स्टाफ उपस्थित रहे।


