किल्लेकोड़ा संकुल में पहली बार हुआ उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह, राज्यपाल पुरस्कृत डॉ. बी.एल. साहसी सहित शिक्षकों का सम्मान

Darshan Balod
0

 







शिक्षकों के समर्पण और उपलब्धियों को सराहने की पहल, श्रीफल, शॉल और डायरी भेंटकर किया गया सम्मानित

बालोद। वनांचल क्षेत्र में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किल्लेकोड़ा में पहली बार संकुल स्तरीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों की उपलब्धियों को सम्मानित करना और अन्य शिक्षकों को बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर उत्कृष्ट शिक्षकों को श्रीफल, शॉल और डायरी भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित व्याख्याता डॉ. बी.एल. साहसी थे। अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य अजय मुखर्जी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में व्याख्याता सी.जी. पटेल, शिक्षक नूतन लाल चुरेन्द्र, सहायक शिक्षक वेद प्रकाश साहू तथा झरनटोला के प्रधान पाठक नरेंद्र कुमार कौर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसमें संकुल के व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक और प्रधान पाठक शामिल हुए। आयोजन में संकुल समन्वयक नितिन देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ज्ञात हो कि डॉ. बी.एल. साहसी को 5 सितंबर 2024 को राजभवन में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। व्याख्याता सी.जी. पटेल और सहायक शिक्षक वेद प्रकाश साहू को वर्ष 2025 में तथा शिक्षक नूतन लाल चुरेन्द्र को वर्ष 2026 में विकासखंड स्तर पर उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में सम्मानित किया जा चुका है। इन शिक्षकों की उपलब्धियों को सम्मान देने के उद्देश्य से संकुल स्तर पर यह आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में वेद प्रकाश साहू ने कहा कि इस तरह के आयोजन के लिए उन्होंने कई बार प्रयास किया और अंततः सफलता मिली। नूतन लाल चुरेन्द्र ने कहा कि पुरस्कार प्राप्त करने के लिए लगन और निरंतर मेहनत आवश्यक है। नरेंद्र कुमार कौर ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपनी उपलब्धियों के कारण इस सम्मान के हकदार हैं।

मुख्य अतिथि डॉ. साहसी ने कहा कि उन्होंने कल्पना नहीं की थी कि संकुल स्तर पर भी उन्हें सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने इस आयोजन के लिए प्राचार्य, संकुल समन्वयक और सहयोगी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य में भी ऐसे समारोह आयोजित करने की अपेक्षा जताई। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य अजय मुखर्जी ने कहा कि संकुल के सभी शिक्षक उत्कृष्ट हैं। कुछ शिक्षक अपने कार्यों के माध्यम से विशेष उपलब्धियां हासिल करते हैं और उन्हें उसका सम्मान मिलता है। उन्होंने सभी शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का संचालन प्रधान पाठक एन.आर. शिवना ने किया तथा आभार प्रदर्शन संकुल समन्वयक नितिन देशमुख ने किया।

इस अवसर पर प्रधान पाठक रामकुमार ठाकुर, कलीराम दादरे, उमेंद्र सिंह मांडवी, श्रीमती अनीता मेश्राम, लोचन प्रसाद सेन, श्याम सिंह खरे, उच्च वर्ग शिक्षक खिलावन उर्वशा, यशपाल नेताम, चमन लाल भंडारी, संतोष कुमार राणा, चुरामन ठाकुर, व्याख्याता जे.पी. बांधव, हेमेंद्र साहू, घनश्याम पटेल, त्रिजला ठाकुर, मुक्ति मैडम, प्रवीण कुमार मानिकपुरी, गोयल मैडम सहित संकुल के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top