सरकारी खरीदी में पारदर्शिता के लिए जिला स्तरीय क्रय समिति गठित

Darshan Balod
0

 


जेम पोर्टल के माध्यम से होगी कंप्यूटर, फर्नीचर, उपकरण और अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीदी

बालोद। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों एवं छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियम 2002 (संशोधित 2022) के तहत जिले में शासकीय खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम एवं नियमों के अनुरूप संचालित करने के लिए जिला स्तरीय क्रय समिति का गठन किया गया है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के विभिन्न शासकीय विभागों एवं कार्यालयों के लिए आवश्यक सामग्रियों की खरीदी भारत सरकार के जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।

जिला स्तरीय क्रय समिति में अपर कलेक्टर को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि संबंधित विभाग या कार्यालय प्रमुख समिति के सचिव होंगे। जिला कार्यालय के संबंधित शाखा प्रभारी, जिला कोषालय अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, ई-जिला प्रबंधक तथा अधीक्षक जिला कार्यालय को समिति में सदस्य बनाया गया है।

जेम पोर्टल का अनिवार्य उपयोग

जिले के सभी शासकीय कार्यालयों एवं विभागों को निर्देशित किया गया है कि कंप्यूटर उपकरण, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीदी के लिए अनिवार्य रूप से जेम पोर्टल का उपयोग किया जाए। खरीदी प्रक्रिया छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियम 2002 (संशोधित 2022) तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की जाएगी।

क्रय समिति का उद्देश्य शासकीय खरीदी प्रक्रिया में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ आवश्यक सामग्रियों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करना है। जिला प्रशासन के अनुसार समिति द्वारा खरीदी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी, ताकि सरकारी संसाधनों से संबंधित खरीद प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित हो।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top