बालोद/सांकरा-क। सरकार आपके द्वार ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ग्राम सांकरा-क में आयोजित ब्लॉक स्तरीय शिविर में जनपद सदस्य लोकेश छोटू डड़सेना का सक्रिय अंदाज देखने को मिला। शिविर में ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही जवाबदेह बनाते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर में ग्राम करहीभदर निवासी राहुल साहू ने विद्युत विभाग से संबंधित समस्या जनपद सदस्य लोकेश डड़सेना के समक्ष रखी। शिकायत सुनने के बाद उन्होंने संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारी को मंच पर बुलाया और शिकायतकर्ता के सामने ही समस्या पर चर्चा कराई। दोनों पक्षों से जानकारी लेने के बाद उन्होंने अधिकारी को जल्द समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
इसी दौरान करीब 20 से 25 किसानों का दल भी अपनी समस्या लेकर शिविर में पहुंचा। किसानों ने बताया कि अनुविभाग आतमाबाद अंतर्गत दर्रीटोला जलाशय की नाली की मेड़ करीब दो माह से टूटी हुई है, जिसके कारण खेतों तक सिंचाई का पानी नहीं पहुंच पा रहा है। किसानों के अनुसार इस संबंध में ग्राम पंचायत करहीभदर द्वारा संबंधित विभाग को लिखित आवेदन भी दिया जा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
किसानों की समस्या सामने आने पर जनपद सदस्य डड़सेना ने संबंधित विभाग के कर्मचारी से जवाब-तलब किया और मौके पर जाकर टूटी मेड़ का सुधार कराने तथा नहर से पानी छोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में समस्याओं के तत्काल संज्ञान लिए जाने पर मौजूद ग्रामीणों ने जनपद सदस्य की सक्रियता की सराहना की। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



