बालोद। जिला शिक्षा अधिकारी बालोद दीपक दुबे एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी ए.के. साहू ने बुधवार को विकासखंड डौण्डीलोहारा के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पिनकापार का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान शाम 3:45 बजे से 4:45 बजे तक स्टाफ मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की भूमिका एवं विद्यालय से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में की जा रही गार्डनिंग एवं परिसर विकास कार्यों का अवलोकन किया। विद्यालय परिसर में पौधों एवं हरियाली को व्यवस्थित करने के प्रयासों की उन्होंने सराहना की। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं विद्यार्थियों के लिए आकर्षक बनाए रखने के प्रयासों को प्रोत्साहित किया।
इस दौरान संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य के.के. साहू, एसएमसी समिति की ओर से इंदु ठाकुर, विद्यालय का समस्त स्टाफ, संकुल समन्वयक ओंकार प्रसाद सोनसारवा एवं सीएसी रोशन साहू उपस्थित रहे। निरीक्षण एवं मार्गदर्शन से विद्यालय के शिक्षकों में भी उत्साह देखा गया।


