बालोद। जिला ग्राम भारती, बालोद के अंतर्गत संचालित सरस्वती शिशु मंदिर लाटाबोड़ एवं सरस्वती शिशु मंदिर पिरीद के विद्यार्थियों ने प्रांतीय स्तर की सरस्वती शिक्षा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, गांव और जिले का नाम रोशन किया है। सरस्वती शिक्षा संस्थान, कोनी, बिलासपुर में आयोजित प्रतियोगिता में बाल वर्ग में सरस्वती शिशु मंदिर लाटाबोड़ ने प्रथम स्थान, जबकि शिशु वर्ग में सरस्वती शिशु मंदिर पिरीद ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि से दोनों विद्यालयों में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य, आचार्यगण एवं संचालक समिति ने विजेता भैया-बहनों और उनके संरक्षक आचार्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
लाटाबोड़ के विद्यार्थियों ने बाल वर्ग में मारी बाजी
सरस्वती शिशु मंदिर लाटाबोड़ की ओर से टुकेश यादव, पिता महेंद्र यादव, लकिता नेताम, पिता सुरेंद्र नेताम तथा युक्ता यादव, पिता विनय यादव ने बाल वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि में संरक्षक आचार्य देवेश बघेल, पिता रिनेश बघेल का विशेष योगदान रहा।
पिरीद विद्यालय ने शिशु वर्ग में हासिल किया दूसरा स्थान
सरस्वती शिशु मंदिर पिरीद के विद्यार्थियों खुशी निर्मलकर, पिता गणेश राम, सेजल देशमुख, पिता मोश कुमार देशमुख तथा मुक्तिका पटेल, पिता पूनम पटेल ने शिशु वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इन विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में संरक्षक आचार्या सुश्री मेनका चंद्राकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय की इस सफलता में प्रधानाचार्य एवं आचार्य परिवार का भी सहयोग रहा।
क्षेत्रीय प्रतियोगिता में करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व
प्रांतीय स्तर पर सफलता हासिल करने वाले विजेता विद्यार्थी अब क्षेत्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ प्रांत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता मध्यप्रदेश के ग्वालियर क्षेत्र के अंतर्गत अशोकनगर में आयोजित होगी। दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं।
जिला ग्राम भारती, बालोद एवं संबंधित विद्यालय परिवार ने सभी विजेता विद्यार्थियों और संरक्षक आचार्यों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे आगामी क्षेत्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगे।



