अनुपयोगी वस्तुओं को दिया नया रूप, नवाचार और रचनात्मकता का दिया संदेश
बालोद। शासकीय प्राथमिक शाला दारूटोला में शिक्षक लीलाधर ठाकुर की पहल पर ‘कबाड़ से जुगाड़’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने अनुपयोगी सामग्री का रचनात्मक उपयोग करते हुए आकर्षक एवं उपयोगी मॉडल तैयार किए और अपनी कल्पनाशक्ति, नवाचार तथा प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में इशांत कुमार ने प्रथम, नव्या ने द्वितीय, डामेन्द्र कुमार ने तृतीय तथा नम्रता ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, अन्य प्रतिभागी बच्चों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनमें रचनात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से शिक्षक लीलाधर ठाकुर समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करते रहते हैं। वे बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए अपने स्वयं के खर्च से पुरस्कार एवं प्रोत्साहन सामग्री भी उपलब्ध कराते हैं।
विद्यालय के प्रधान पाठक सोहन सिंह मरकाम ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए कहा कि बच्चों में नई सोच और कल्पनाशक्ति के माध्यम से रचनात्मकता विकसित होती है। शिक्षक लीलाधर ठाकुर द्वारा विद्यार्थियों की प्रतिभा के संवर्धन एवं विकास के लिए समय-समय पर ऐसी नवाचारी गतिविधियां आयोजित करना सराहनीय है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत धोतिमटोला की सरपंच गंगो बाई गौर एवं ग्राम के पटेल सोमन गौर ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षक लीलाधर ठाकुर की इस नवाचारी पहल की सराहना करते हुए बच्चों के उत्साह, मेहनत और रचनात्मक प्रतिभा की प्रशंसा की।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि अनुपयोगी समझी जाने वाली वस्तुओं का भी रचनात्मक उपयोग किया जा सकता है। ‘कबाड़ से जुगाड़’ जैसी गतिविधियां बच्चों में पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के सदुपयोग और नवाचार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


