प्रेम संबंध और विवाद को लेकर हत्या की साजिश रचने का अभियोजन पक्ष का मामला; 24 अक्टूबर को द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने सुनाया फैसला
बालोद। बिजली का करंट लगाकर मनोहर निर्मलकर की हत्या के मामले में बालोद न्यायालय ने दो आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। माननीय श्रीमती श्वेता उपाध्याय गौर, द्वितीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, बालोद ने 24 अक्टूबर 2026 को प्रकरण में अभियुक्ता गीता बाई निर्मलकर पति गौकरण निर्मलकर, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 29 खड़ेनाडीह, थाना डौण्डीलोहारा तथा लेखराम निषाद, उम्र 45 वर्ष, निवासी बड़गांव, थाना डौण्डीलोहारा को दोषी ठहराते हुए विभिन्न धाराओं में दंडित किया।
न्यायालय ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) के तहत आजीवन कारावास एवं 100 रुपये अर्थदंड तथा धारा 61(2) के तहत आजीवन कारावास एवं 100 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। वहीं धारा 238 के तहत तीन वर्ष के कठोर कारावास एवं 100 रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया।
संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी मनोहर की मौत
अभियोजन के अनुसार 17 जुलाई 2025 को प्रार्थी भानूराम निर्मलकर ने ग्रामीणों के माध्यम से डौण्डीलोहारा थाने में सूचना दी कि ग्राम खड़ेनाडीह में मनोहर नामक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। मृतक के चेहरे, गाल और आंख के पास खरोंच के निशान भी दिखाई दे रहे थे।
सूचना मिलने के बाद थाना डौण्डीलोहारा पुलिस घटनास्थल पहुंची और सूचनाकर्ता एवं आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की। वरिष्ठ वैज्ञानिक फोरेंसिक विभाग दुर्ग को भी सूचना दी गई। शव का निरीक्षण करने के बाद पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की बात सामने आई
अभियोजन के अनुसार पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक ने मृतक की मृत्यु इलेक्ट्रिक शॉक लगने से होना बताया तथा मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक होना दर्ज किया।
विवेचना के दौरान प्रार्थी, गवाहों और संदेहियों गीता निर्मलकर एवं लेखराम निषाद से पूछताछ की गई। अभियोजन के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा मनोहर निर्मलकर की 16 जुलाई 2025 की रात करीब 11 से 12 बजे के बीच विद्युत करंट लगाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई।
प्रेम संबंध और विवाद को लेकर हत्या की योजना का आरोप
अभियोजन के अनुसार अभियुक्ता गीता बाई निर्मलकर के मेमोरेण्डम कथन में लेखराम निषाद के साथ उसके प्रेम संबंध होने तथा उसके ससुर मनोहर निर्मलकर द्वारा शराब पीकर विवाद करने और कथित रूप से गंदी नीयत रखने की बात सामने आई। इसी आधार पर अभियोजन ने हत्या की योजना बनाए जाने का मामला न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5), 61(2) एवं 238 के तहत अभियोग-पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया।
साक्ष्यों के आधार पर सुनाया गया फैसला
प्रकरण में प्रस्तुत साक्ष्यों एवं अभियोजन की ओर से की गई पैरवी के आधार पर न्यायालय ने दोनों अभियुक्तों को दोषी ठहराते हुए उक्त दंड से दंडित किया। शासन की ओर से मामले की पैरवी लोक अभियोजक तोमन लाल साहू, बालोद ने की।



