बालोद में होगा जिला स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति महोत्सव का आयोजन, पारंपरिक आदिवासी सांस्कृतिक दलों से मांगे गए आवेदन
बालोद। जिले में आदिवासी लोककला, परंपरा और जनजातीय संस्कृति को मंच देने के लिए वर्ष 2026-27 में जिला स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में शामिल होने के लिए जिले के पारंपरिक आदिवासी सांस्कृतिक दलों से 10 नवंबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
पारंपरिक सांस्कृतिक दलों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का अवसर
आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले में इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से पारंपरिक आदिवासी लोककला और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने के साथ ही सांस्कृतिक दलों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय में जमा करें आवेदन
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि महोत्सव में सहभागिता के इच्छुक आदिवासी सांस्कृतिक दल जिला कार्यालय स्थित सहायक आयुक्त आदिवासी विकास शाखा के कक्ष क्रमांक 62 में कार्यालयीन समय के दौरान अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
