चकली-मुरकू और देसी बड़ी के स्वाद ने बदली किस्मत! सोहद्रा चंद्राकर बनीं ‘लखपति दीदी’, सालाना 7 से 8 लाख की कमाई

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 



बिहान योजना और स्व-सहायता समूह से जुड़कर गृहिणी से बनीं सफल उद्यमी, राज्योत्सव में सांसद भोजराज नाग ने प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

बालोद। मेहनत, हुनर और आत्मविश्वास के दम पर महिलाएं किस तरह आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर सकती हैं, इसकी प्रेरक कहानी गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम डौकीडीह की श्रीमती सोहद्रा चंद्राकर ने लिखी है। कभी घर की चारदीवारी तक सीमित रहने वाली सोहद्रा ने छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों के स्वाद को अपनी आजीविका का जरिया बनाया और आज वे सालाना 7 से 8 लाख रुपये का कारोबार कर रही हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ और ‘लखपति दीदी’ योजना से मिली मदद ने उन्हें सफल महिला उद्यमी के रूप में पहचान दिलाई है।

2018 में प्राची स्व-सहायता समूह से शुरू हुआ सफर

सोहद्रा चंद्राकर की उद्यमशीलता की यात्रा वर्ष 2018 में शुरू हुई, जब वे बिहान योजना के तहत ‘प्राची स्व-सहायता समूह’ से जुड़ीं। समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने सक्रिय महिला कैडर का विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद गांव में योजना के सुचारू संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई। इसी दौरान उन्होंने समझा कि पारंपरिक हुनर को भी व्यवसाय का रूप देकर अच्छी आमदनी हासिल की जा सकती है।

चकली, मुरकू, पापड़ और देसी बड़ी बनीं कमाई का जरिया

सोहद्रा ने ग्रामीण अंचल में घर-घर बनने वाले पारंपरिक खान-पान को व्यवसाय से जोड़ने का फैसला किया। उन्होंने चकली, पापड़, मुरकू, पौष्टिक सोंठ व तिल के लड्डू तथा रखिया और पोंगा जैसी पारंपरिक बड़ियों का स्वच्छता और गुणवत्ता के साथ निर्माण शुरू किया।

उनके हाथों से बने उत्पादों के शुद्ध देसी स्वाद को लोगों ने पसंद किया और मांग बढ़ने लगी। वे जिला एवं राज्य स्तरीय राज्योत्सव, सरस मेलों और विभिन्न शासकीय कार्यालयों में स्टॉल लगाकर अपने उत्पादों की बिक्री करती हैं। गुणवत्ता और समय पर आपूर्ति के कारण उनके उत्पादों की विश्वसनीयता बढ़ी है। आज वे प्रतिवर्ष 7 से 8 लाख रुपये तक का कारोबार कर रही हैं।

राज्योत्सव के मंच पर सांसद भोजराज नाग ने किया सम्मानित

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी के नेतृत्व में जिले में बिहान योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम बन रही है।

इसी कड़ी में स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव समारोह में सोहद्रा चंद्राकर के उत्कृष्ट आजीविका प्रयासों और उद्यमशीलता की सराहना की गई। मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

गृहिणी से सफल उद्यमी बन दूसरी महिलाओं के लिए बनीं मिसाल

एक साधारण गृहिणी से सफल महिला उद्यमी बनने तक का सोहद्रा चंद्राकर का सफर क्षेत्र की ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। उनकी उपलब्धि बताती है कि पारंपरिक कौशल, मेहनत और सही मार्गदर्शन के सहारे महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं।

सोहद्रा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन और शासकीय योजनाओं का लाभ मिले तो कोई भी महिला अपनी मेहनत के दम पर परिवार का सहारा बन सकती है और ‘लखपति दीदी’ के रूप में अपनी अलग पहचान बना सकती है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top