तीन निजी नियोजक तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर करेंगे भर्ती, ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य; संयुक्त जिला कार्यालय स्थित रोजगार कार्यालय में होगा आयोजन
बालोद। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र बालोद के तत्वावधान में 13 नवंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला संयुक्त जिला कार्यालय स्थित जिला रोजगार कार्यालय में आयोजित होगा। इसमें तीन निजी नियोजकों द्वारा कुल 220 तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई उत्तीर्ण, बीएससी एग्रीकल्चर, स्नातक, स्नातकोत्तर सहित अन्य शैक्षणिक योग्यताधारी अभ्यर्थियों को रोजगार का अवसर मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना अनिवार्य है। बिना ऑनलाइन आवेदन के अभ्यर्थियों को मेले में शामिल होने की प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है।
मेले में पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ समस्त शैक्षणिक योग्यताओं के मूल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा रोजगार पंजीयन कार्ड की छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा।
रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं। इसके अलावा जिला रोजगार कार्यालय बालोद के दूरभाष नंबर 07749-299509 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
