अब धान बेचने के लिए नहीं तय करनी होगी लंबी दूरी, गांव के नजदीक ही मिलेगी सुविधा; जिले में किसानों का पंजीयन बढ़कर 1.58 लाख के पार
बालोद, 12 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में बालोद जिले के किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलने जा रही है। जिले में इस बार 18 नवीन धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी। इन केंद्रों के लिए 75 गांवों की ग्राम मैपिंग की गई है, जिससे 12 हजार 853 किसानों को अपने गांव के नजदीक ही समर्थन मूल्य पर धान बेचने की सुविधा मिलेगी। इससे किसानों के समय, मेहनत और परिवहन खर्च की बचत होगी।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार किसानों की सुविधा और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। जिला प्रशासन का उद्देश्य धान खरीदी व्यवस्था को सुगम, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
इन 18 गांवों में बनाए गए नवीन धान उपार्जन केंद्र
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, दुर्ग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में चंदनबिरही, सनौद, पेन्डरवानी, बम्हनी, ठेमाबुजुर्ग, नलकसा, भर्रीटोला 43, खलारी, बिटाल, चिखली, झरनटोला, परसाडीह ज., भुरकाभाट, डुण्डेरा, कमरौद, सरेखा, खोलझर और बरही (मटिया बी) में नवीन धान उपार्जन केंद्रों के लिए ग्राम मैपिंग की गई है।
12,853 किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
ग्राम मैपिंग के अनुसार चंदनबिरही केंद्र से चंदनबिरही, चिटौद और बागतराई के 1,179 किसान, सनौद केंद्र से सनौद, सांगली और बोहारा के 740 किसान तथा पेंडरवानी केंद्र से पेंडरवानी और पेरपार के 787 किसानों को लाभ मिलेगा।
इसी तरह बम्हनी केंद्र से 579, ठेमाबुजुर्ग से 479 और नलकसा केंद्र से 396 किसान लाभान्वित होंगे। भर्रीटोला 43 केंद्र से 831 तथा खलारी केंद्र से 697 किसानों को सुविधा मिलेगी।
बिटाल केंद्र से 539, चिखली केंद्र से 871, झरनटोला केंद्र से 770 और परसाडीह ज. केंद्र से 1,156 किसानों को धान विक्रय की सुविधा मिलेगी।
वहीं भुरकाभाट केंद्र से 517, डुण्डेरा से 725, कमरौद से 853, सरेखा से 581, खोलझर से 432 और बरही (मटिया बी) केंद्र से 721 किसानों को लाभ मिलेगा।
लंबी दूरी और परिवहन खर्च से मिलेगी मुक्ति
नवीन उपार्जन केंद्रों की स्थापना से किसानों को अब धान बेचने के लिए दूर स्थित खरीदी केंद्रों तक जाने की जरूरत कम होगी। गांव के नजदीक ही खरीदी की सुविधा उपलब्ध होने से परिवहन खर्च और समय दोनों की बचत होगी। साथ ही किसानों की मेहनत कम होगी और स्थानीय स्तर पर धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनेगी।
पिछले साल से 3,453 अधिक किसानों ने कराया पंजीयन
धान खरीदी के लिए इस वर्ष जिले में किसानों का पंजीयन भी बढ़ा है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में कुल 1 लाख 58 हजार 572 किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है, जबकि पिछले खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 1 लाख 55 हजार 119 किसान पंजीकृत थे। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 3 हजार 453 किसानों की वृद्धि हुई है।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार धान खरीदी से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
18 नवीन धान उपार्जन केंद्रों की यह पहल जिले के किसानों के लिए राहतभरी साबित होगी। इससे न केवल धान खरीदी व्यवस्था अधिक सुलभ होगी, बल्कि किसानों का समय और परिवहन खर्च भी बचेगा।
