नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका! बालोद में 13 नवंबर को रोजगार मेला, 220 पदों पर होगी भर्ती

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 

10वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर युवाओं तक को मिलेगा अवसर, तीन निजी नियोजक तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर करेंगे भर्ती; ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य

बालोद, 07 नवंबर 2026। नौकरी की तलाश कर रहे जिले के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र बालोद द्वारा निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13 नवंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से तीन निजी नियोजकों द्वारा कुल 220 तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी।

10वीं पास से स्नातकोत्तर तक के युवाओं को मिलेगा मौका

रोजगार मेला संयुक्त जिला कार्यालय परिसर स्थित जिला रोजगार कार्यालय बालोद में आयोजित होगा। इसमें 10वीं, 12वीं, आईटीआई उत्तीर्ण, बीएससी एग्रीकल्चर, स्नातक, स्नातकोत्तर सहित अन्य निर्धारित योग्यताधारी अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। कुल 220 रिक्त पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन जरूरी

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना अनिवार्य होगा। बिना ऑनलाइन आवेदन के रोजगार मेले में शामिल होने की प्रक्रिया पूरी नहीं होगी।

ये दस्तावेज साथ लेकर पहुंचना होगा जरूरी

रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी शैक्षणिक योग्यताओं के मूल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा रोजगार पंजीयन कार्ड की छायाप्रति लाना अनिवार्य है।

अधिक जानकारी के लिए यहां करें संपर्क

रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी आधिकारिक ई-रोजगार पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं। इसके अलावा जिला रोजगार कार्यालय बालोद के दूरभाष नंबर 07749-299509 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top