बाल अधिकारों से महिला सुरक्षा तक... पुरूर के 150 विद्यार्थियों को मिला जागरूकता का पाठ, संकट में मदद के लिए बताए गए 1098 और 181 हेल्पलाइन नंबर

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 




मिशन वात्सल्य एवं मिशन शक्ति के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन, बाल विवाह, बाल श्रम और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार रोकने के बताए उपाय; चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 की दी गई जानकारी

पुरूर/बालोद। बच्चों के अधिकारों की रक्षा, महिला सुरक्षा और बालिकाओं के सशक्तीकरण को लेकर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार, जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा के आदेश एवं मार्गदर्शन तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू के नेतृत्व में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पुरूर में मिशन वात्सल्य एवं मिशन शक्ति के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

खुद को जानो, खुद को समझो और खुद को बेहतर बनाओ

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा। शिविर में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन, बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार की रोकथाम तथा बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण के संबंध में भी विस्तार से बताया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए मिशन वात्सल्य के अंतर्गत बच्चों के संरक्षण एवं कल्याण के लिए उपलब्ध सेवाओं से अवगत कराया गया।

विद्यार्थियों को किसी भी संकट या असुरक्षित परिस्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की जानकारी दी गई। उन्हें किसी भी प्रकार के शोषण, दुर्व्यवहार या परेशानी की स्थिति में बिना झिझक संबंधित सहायता सेवाओं से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।






प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

जागरूकता बैनर और पोस्टरों के माध्यम से बाल संरक्षण एवं महिला सशक्तीकरण के विषयों को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया। इस दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और अपनी जिज्ञासाओं एवं विचारों को खुलकर व्यक्त किया।

वक्ताओं ने सुरक्षित वातावरण के निर्माण, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को समान अवसर और सम्मान प्रदान करने में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने, आत्मनिर्भर बनने और मजबूत भविष्य के लिए ऊंचे सपने देखने की प्रेरणा दी गई। साथ ही विद्यार्थी जीवन का सदुपयोग करते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया गया।

विभागीय समन्वय से उज्ज्वल भविष्य की पहल

कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू, विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी उत्तम कुमार साहू, चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर डामेन्द्र साहू सहित विद्यालय के शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विद्यालय के सी.बी. साहू, श्रीमती इंदिरा मंडावी, लोमश कुमार साहू, सत्येंद्र साहू, श्रीमती डी. साहू, श्रीमती निधि झा, श्रीमती सुधा वर्मा, जे.आर. सिन्हा, आई.एल. ठाकुर, चैतन्य संस्था से श्रीमती प्रीति बाला साहू, मेडिकल एसोसिएशन जिला बालोद के सचिव पवन साहू तथा ईश्वरी कुमार सिन्हा मित्र (एनसीटीई) सहित अन्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और अपने अधिकारों के प्रति सजग नागरिक बनने का संदेश दिया गया। विभागीय समन्वय से आयोजित यह पहल बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण सुनिश्चित करने तथा महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुई।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top