टीबी मरीजों की पहचान के लिए ग्रामीणों की हो रही स्क्रीनिंग, नि-क्षय मित्र ईश्वरी कुमार सिन्हा ने जरूरतमंद मरीजों को बांटी पोषण किट; दवा के साथ पोषण और देखभाल का भी उठाया जिम्मा
बालोद/गुरूर। छत्तीसगढ़ शासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित टीबी उन्मूलन अभियान के तहत बालोद जिले के गुरूर विकासखंड के ग्राम चिटौद में टीबी मरीजों की पहचान के लिए विशेष सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। बीएमओ डॉ. शुभम चंद्राकर के दिशा-निर्देश में आयुष्मान आरोग्य केंद्र चंदनबिरही के आश्रित ग्राम चिटौद में स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर संभावित क्षय रोग (टीबी) मरीजों की पहचान और स्क्रीनिंग कर रही है।
ब्लॉक स्वास्थ्य विभाग की वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक लीना मंडावी एवं स्थानीय स्वास्थ्य टीम द्वारा ग्रामीणों की जांच की जा रही है। इस दौरान ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष नीलकमल सिन्हा ने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहना, बुखार आना और अचानक वजन कम होना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षणों वाले लोगों की पहचान कर उनके बलगम (स्पूटम) के नमूने लिए जा रहे हैं, ताकि समय पर जांच कराकर मरीजों का पूरी तरह निःशुल्क उपचार शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि चिटौद को टीबी मुक्त ग्राम बनाने के लिए हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।
राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षक बने 5 टीबी मरीजों के सहारा, बांटी पोषण किट
टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूती देने के लिए ग्राम चिटौद के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षक एवं नि-क्षय मित्र ईश्वरी कुमार सिन्हा ने सराहनीय पहल की है। उन्होंने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गांव के पांच जरूरतमंद टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें विशेष पोषण आहार किट वितरित की।
पोषण किट में चना, सोयाबीन बड़ी, गुड़ और तेल जैसी प्रोटीन, विटामिन एवं वसा से भरपूर खाद्य सामग्री शामिल रही। इस अवसर पर ईश्वरी कुमार सिन्हा ने कहा कि टीबी पूरी तरह साध्य बीमारी है। नियमित रूप से दवाइयों का सेवन और पर्याप्त पोषण मिलने पर मरीज इस बीमारी से पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं। टीबी के उपचार के दौरान शरीर को अतिरिक्त पोषण की जरूरत होती है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि मरीजों को दवा के साथ दुआ और पोषण भी जरूरी है।
ग्रामीण प्रतिनिधियों ने की पहल की सराहना
ग्राम चिटौद में स्वास्थ्य विभाग और नि-क्षय मित्र द्वारा किए जा रहे इस संयुक्त प्रयास की ग्रामीण प्रतिनिधियों एवं प्रबुद्धजनों ने सराहना की। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरूर के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील भारती, ग्रामीण सहायक चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमलकिशोर सिन्हा, ग्राम पंचायत सरपंच तीरथ यादव तथा ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिन्हा ने कहा कि गांव को रोगमुक्त बनाने की दिशा में यह सराहनीय कदम है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं।
इस अभियान में ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला सीमा सिन्हा, सीएचओ वेदगंगा साहू तथा मितानिन भागेश्वरी साहू, कामिनी साहू, विद्या उईके, सरस्वती भाण्डुलकर, तुलसी जोगी और जानकी साहू सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।



