फागुन्दाह के स्कूली विद्यार्थियों ने धमतरी के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और पावर प्लांट का किया शैक्षणिक भ्रमण, अवसादन, निस्यंदन, क्लोरीनीकरण से लेकर टरबाइन और जनरेटर की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझा
फागुन्दाह। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फागुन्दाह के छात्र-छात्राओं ने एक दिवसीय शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण के दौरान नगर निगम धमतरी के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तथा पंडित रविशंकर सागर (गंगरेल) बांध एवं पावर प्लांट का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। विद्यालय के प्राचार्य श्री एल. एस. रावटे के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान को वास्तविक जीवन से जोड़कर समझने का अवसर मिला।
इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तकनीकी समझ एवं व्यावहारिक कौशल विकसित करना था।
भ्रमण के प्रथम चरण में विद्यार्थियों ने नगर निगम धमतरी स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। यहां उन्हें बताया गया कि नदियों एवं जलाशयों से प्राप्त कच्चे पानी को अवसादन, निस्यंदन एवं क्लोरीनीकरण जैसी भौतिक और रासायनिक प्रक्रियाओं के माध्यम से किस तरह शुद्ध कर पीने योग्य बनाया जाता है। विद्यार्थियों ने जल शोधन की विभिन्न प्रक्रियाओं और संयंत्र में उपयोग की जाने वाली तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद विद्यार्थियों ने पंडित रविशंकर सागर जलाशय (गंगरेल बांध) एवं वहां स्थित पावर प्लांट का भ्रमण किया। यहां उन्होंने बांध की जल संग्रहण व्यवस्था, जल प्रबंधन और विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया को समझा। पावर प्लांट में उन्हें बताया गया कि किस प्रकार जल की स्थितिज ऊर्जा से टरबाइन को घुमाया जाता है और जनरेटर की सहायता से विद्युत ऊर्जा का उत्पादन किया जाता है।
भ्रमण के दौरान विद्यालय के व्याख्याता श्री एम. के. सिन्हा, श्रीमती टीनू कमलवंशी, कु. मनीषा शांडिल्य, व्यावसायिक प्रशिक्षक श्री ऐश्वर्य कुमार साहू एवं श्री राहुल कुमार माला उपस्थित रहे। शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को विभिन्न वैज्ञानिक और तकनीकी जानकारियां दीं तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस भ्रमण से विद्यार्थियों को प्लम्बिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं हार्डवेयर, विज्ञान और पर्यावरण से जुड़े विषयों को वास्तविक परिस्थितियों में समझने का अवसर मिला। साथ ही उन्होंने जल संरक्षण, ऊर्जा उत्पादन और तकनीकी संसाधनों के महत्व को भी जाना।
विद्यालय के प्राचार्य श्री एल. एस. रावटे ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे उनमें सीखने की जिज्ञासा बढ़ती है और वे किताबी ज्ञान को वास्तविक जीवन से जोड़कर बेहतर ढंग से समझ पाते हैं।
यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, रोचक एवं प्रेरणादायक साबित हुआ।
