गुफा से होकर मां लक्ष्मी के दरबार तक पहुंच रहे श्रद्धालु... रेंगाडबरी में अनोखी सजावट बनी आकर्षण का केंद्र!

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 


आमापारा बस स्टैंड में समिति की अनूठी पहल, गुफा से गुजरकर हो रहे मां लक्ष्मी के दर्शन; आकर्षक रोशनी, भजन-कीर्तन और सेवा गायन से भक्तिमय हुआ माहौल

डौण्डी लोहारा। दीपावली पर्व की रौनक के बीच रेंगाडबरी के आमापारा बस स्टैंड में विराजित मां लक्ष्मी का दरबार इन दिनों श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इस बार समिति ने मां लक्ष्मी के दर्शन को यादगार बनाने के लिए अनोखी पहल करते हुए गुफा का निर्माण कराया है। गुफा से होकर मां के दरबार तक पहुंचने का यह अनूठा अनुभव श्रद्धालुओं को खूब पसंद आ रहा है।

बता दें कि धनतेरस की शाम को आमापारा बस स्टैंड में मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित की गई। पंडित लोचन प्रसाद शर्मा ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर प्रतिमा की स्थापना कराई। इसके बाद से ही मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है।

समिति द्वारा इस बार मां लक्ष्मी के दर्शन के लिए विशेष रूप से गुफा का निर्माण कराया गया है। श्रद्धालु गुफा के भीतर से गुजरते हुए मां के दरबार तक पहुंचते हैं। इस अनोखी व्यवस्था को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु गुफा से होकर दर्शन करने के साथ ही समिति की इस पहल की सराहना भी कर रहे हैं।

आमापारा बस स्टैंड को आकर्षक रोशनी और सुंदर सजावट से सजाया गया है। रात होते ही पूरा पंडाल रोशनी से जगमगा उठता है और आसपास का वातावरण भक्तिमय हो जाता है।

वहीं, रात्रि में सेवा गायन का आयोजन भी किया जा रहा है। इसमें स्थानीय कलाकार भजन-कीर्तन और मां लक्ष्मी के गीतों की प्रस्तुति दे रहे हैं। भक्ति संगीत का आनंद लेने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

समिति के सदस्यों ने बताया कि मां लक्ष्मी के दर्शन को श्रद्धालुओं के लिए और अधिक विशेष एवं यादगार बनाने के उद्देश्य से गुफा का निर्माण कराया गया है। साथ ही दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

नेमन साहू, रेंगाडबरी

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top