धान खरीदी में लापरवाही पर नपेंगे अधिकारी! कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश, 15 नवंबर से शुरू होगी खरीदी

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 


स्टेक प्लान से लेकर बारदाना और भंडारण तक हर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, प्रत्येक शुक्रवार देना होगा प्रगति प्रतिवेदन


बालोद, 14 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां तेज हो गई हैं। किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और उपार्जन केंद्रों में खरीदी का कार्य सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।


कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में धान के सुरक्षित रख-रखाव, भंडारण, बारदाना और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक की जाएगी।


धान के सुरक्षित भंडारण के लिए बनेगा स्टेक प्लान


उपार्जन केंद्रों में बफर लिमिट से अधिक धान के सुरक्षित और व्यवस्थित भंडारण के लिए बेहतर स्टेक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक स्टेक में 3 हजार बोरों अर्थात लगभग 1,200 क्विंटल धान रखने की व्यवस्था होगी। नए और पुराने बारदानों में रखे धान के अलग-अलग स्टेक बनाए जाएंगे, ताकि भंडारण और पहचान में आसानी हो सके।


धान की किस्मों के अनुसार मोटा, पतला, सरना और महामाया को अलग-अलग स्टेक में रखा जाएगा। प्रत्येक उपार्जन केंद्र के मुख्य द्वार पर स्टेक प्लान प्रदर्शित करना भी अनिवार्य किया गया है।


बारदानों पर स्टेंसिल और उसी दिन करनी होगी धान की सिलाई


धान खरीदी शुरू होने से पहले प्रत्येक बारदाने पर स्टेंसिल की छपाई तथा जूट की सुतली की रंगाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खरीदे गए धान की सिलाई और स्टेकिंग उसी दिन पूरी करनी होगी, ताकि केंद्रों में धान का सुरक्षित रख-रखाव हो सके और अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।


कंप्यूटर ऑपरेटरों की उपस्थिति से लेकर जरूरी सामग्री तक पर नजर


कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में स्थानांतरित किए गए कंप्यूटर ऑपरेटरों की ज्वाइनिंग सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक कार्य दिवस में उनकी उपस्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सभी केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में डनेज, कैप कवर और अन्य आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है।


हर शुक्रवार देनी होगी रिपोर्ट, लापरवाही पर अधिकारी होंगे जिम्मेदार


कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों को जारी निर्देशों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए हैं। व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा के लिए प्रत्येक शुक्रवार को अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है। निर्देशों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।


जिला प्रशासन का उद्देश्य धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान हितैषी बनाना है, ताकि किसानों को उपार्जन केंद्रों में बेहतर सुविधाएं मिलें और उनका धान निर्धारित समर्थन मूल्य पर बिना किसी परेशानी के खरीदा जा सके।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top