32 स्व-सहायता समूहों की 61 महिलाओं ने सजाए स्वनिर्मित उत्पादों के स्टॉल, जिले में अब तक 11 लाख रुपये की पूजन सामग्री का हुआ विक्रय; 25 लाख के कारोबार का लक्ष्य
बालोद, 05 नवंबर। दीपावली के पर्व पर बालोद जिले में आयोजित ‘बिहान बाजार’ ग्रामीण महिलाओं के हुनर, मेहनत और आत्मनिर्भरता का आकर्षण केंद्र बन गया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत आयोजित इस बाजार में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार किए गए दीये, कैंडल, सजावटी सामान और आर्टिफिशियल ज्वेलरी के स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खास बात यह है कि ग्राम सिरसिदा की एक महिला ने करीब 18 हजार दीये और अन्य सामग्री बेचकर 75 हजार रुपये की आय अर्जित की है।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में जिला एवं विकासखंड स्तर पर बिहान बाजार का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुण्डरदेही विकासखंड में 04 से 05 नवंबर तक दो दिवसीय बिहान बाजार लगाया गया। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों की स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मिट्टी-गोबर के दीये से लेकर ज्वेलरी तक, बाजार में दिखा महिलाओं का हुनर
बिहान बाजार में महिलाओं द्वारा तैयार पारंपरिक और आधुनिक उत्पादों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें मिट्टी एवं गोबर से बने आकर्षक दीये, पर्यावरण अनुकूल कैंडल और मोमबत्तियां, सजावटी एवं पूजा सामग्री, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, हस्तशिल्प और विभिन्न घरेलू उपयोग की वस्तुएं शामिल रहीं।
इस आयोजन में जिले के 32 स्व-सहायता समूहों की 61 महिलाओं ने भाग लिया। नागरिकों ने भी ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना के साथ महिलाओं के स्वनिर्मित उत्पादों की जमकर खरीदारी की। इससे महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन के लिए बेहतर मंच मिला है। विकासखंड बालोद सहित जिले के अन्य विकासखंडों में भी बिहान बाजार आयोजित किए जाएंगे।
18 हजार दीये तैयार कर रागनी साहू ने कमाए 75 हजार रुपये
गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम सिरसिदा स्थित भारत मां स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती रागनी साहू ने अपनी मेहनत और हुनर से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। उन्होंने बताया कि वे गोबर और मिट्टी से आकर्षक दीये, कैंडल तथा आर्टिफिशियल ज्वेलरी तैयार करती हैं। दीपावली के दौरान इन उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए उन्होंने इस वर्ष लगभग 18 हजार दीये और अन्य सामग्री तैयार की। इनके विक्रय से उन्हें करीब 75 हजार रुपये की आय हुई है।
जिले में 11 लाख का कारोबार, 25 लाख तक बिक्री की तैयारी
बिहान योजना से जुड़ी महिलाओं के स्वनिर्मित उत्पादों को बाजार में अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। जिले में अब तक बिहान दीदियों द्वारा लगभग 11 लाख रुपये मूल्य के दीये और विभिन्न पूजन सामग्रियों का विक्रय किया जा चुका है। वहीं बिहान बाजार के माध्यम से 25 लाख रुपये तक की सामग्री बेचने की तैयारी है। यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिला रही है।
बिहान बाजार ने महिलाओं को दिया हुनर दिखाने और कमाई बढ़ाने का मंच
दीपावली के अवसर पर आयोजित बिहान बाजार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। स्व-सहायता समूहों की दीदियां अपनी मेहनत, रचनात्मकता और हुनर के दम पर न केवल आकर्षक उत्पाद तैयार कर रही हैं, बल्कि उन्हें बाजार तक पहुंचाकर आमदनी भी बढ़ा रही हैं। बिहान योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर बनाना है। बिहान बाजार के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री का अवसर मिलने के साथ उनके भीतर उद्यमिता की भावना भी मजबूत हो रही है।

