करहीभदर में पुराने जर्जर मकान के पास अस्वस्थ हालत में मिला अज्ञात व्यक्ति, ग्रामीणों की सजगता और जनप्रतिनिधि की पहल से 108 एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
करहीभदर, 05 नवंबर। मानवता और सामाजिक संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए ग्राम करहीभदर के ग्रामीणों ने एक अज्ञात अस्वस्थ व्यक्ति की मदद के लिए तत्परता दिखाई। महिला भवन के पास स्थित एक पुराने जर्जर मकान में व्यक्ति अस्वस्थ हालत में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर जनपद सदस्य लोकेश डड़सेना तत्काल मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति पिछले दो दिनों से उक्त स्थान के आसपास घूम रहा था। पहले दिन वह काफी नशे की हालत में था। बाद में उसकी अस्वस्थ स्थिति को देखते हुए गांव के लोगों ने इसकी जानकारी जनपद सदस्य लोकेश डड़सेना को दी।
सूचना मिलते ही लोकेश डड़सेना मौके पर पहुंचे और ग्राम कोटवार को बुलाया। इसके बाद कोटवार के माध्यम से डायल 112 को सूचना दी गई। आवश्यक समन्वय के बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से अज्ञात व्यक्ति को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
ग्रामीणों की सजगता और जनप्रतिनिधि की तत्परता से एक जरूरतमंद अज्ञात व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका। इस पहल ने एक बार फिर साबित किया कि मुश्किल समय में किसी अनजान व्यक्ति की मदद करना ही सच्ची मानवता है।

