गुजरात की एकता परेड में गूंजा बालोद का गौरव, 50 नक्सल पीड़ित शहीद परिवारों ने निभाई ऐतिहासिक सहभागिता

Madhu Sahu Desk Incharge
0


‘नक्सल मुक्त भारत’ की थीम पर केवड़िया में आयोजित परेड में बालोद से डीएसपी श्रुति सिंह सहित अधिकारी-कर्मचारी हुए शामिल, जिले में 1,171 लोगों ने बड़े पर्दे पर देखा सीधा प्रसारण


बालोद, 05 नवंबर। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश लेकर गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में बालोद जिले की भी गौरवपूर्ण सहभागिता रही। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस ऐतिहासिक परेड में बालोद जिले से एक अधिकारी, दो कर्मचारी और 50 नक्सल पीड़ित शहीद परिवारों के सदस्य शामिल हुए। वहीं बालोद पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों और टाउन हॉल में परेड का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसे कुल 1,171 लोगों ने देखा।


‘नक्सल मुक्त भारत’ रही परेड की थीम, छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का हुआ प्रदर्शन


राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के केवड़िया एकता नगर में आयोजित परेड की इस वर्ष की थीम ‘नक्सल मुक्त भारत’ रखी गई थी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सशस्त्र माओवाद के खात्मे और आंतरिक सुरक्षा बलों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।


इस दौरान नक्सल मुक्त भारत से संबंधित झांकी, नृत्य-नाटिका तथा छत्तीसगढ़ के डीआरजी, महिला बस्तर फाइटर्स और एसटीएफ के जवानों की परेड में भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ ही बाइक राइडरों के प्रदर्शन ने भी लोगों का ध्यान खींचा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की इन प्रस्तुतियों को सराहना मिली और उपस्थित लोगों के लिए यह प्रेरणादायी रहा।


डीएसपी श्रुति सिंह के साथ 50 नक्सल पीड़ित शहीद परिवारों की सहभागिता


इस राष्ट्रीय आयोजन में बालोद जिले से नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्रुति सिंह के नेतृत्व में 50 नक्सल पीड़ित शहीद परिवारों के सदस्य शामिल हुए। उनके साथ जिले के दो पुलिस कर्मचारी भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इन परिवारों की सहभागिता राष्ट्रीय एकता और देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए दिए गए बलिदानों के सम्मान का प्रतीक बनी।


जिले में 1,171 लोगों ने देखा परेड का सीधा प्रसारण


गुजरात में आयोजित एकता परेड के ऐतिहासिक क्षणों को जिले के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए बालोद पुलिस ने विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों एवं टाउन हॉल बालोद में प्रोजेक्टर स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की।


इस स्क्रीनिंग कार्यक्रम में जिले के कुल 1,171 लोगों ने सहभागिता की। इनमें 152 पुलिसकर्मी, 539 स्कूली विद्यार्थी और 480 अन्य गणमान्य नागरिक शामिल रहे। सभी ने उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ परेड का अवलोकन किया।


बालोद पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के साथ नागरिकों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top