जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान में 60 प्रकरण दर्ज, 3 से 10 नवंबर तक सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई; जुआ-सट्टा में शामिल लोगों को दी गई सख्त चेतावनी
बालोद। दीपावली पर्व के दौरान जिले में जुआ-सट्टा जैसी सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बालोद पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। 3 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक चले इस विशेष अभियान में पुलिस ने जिलेभर में कार्रवाई करते हुए कुल 261 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। इस दौरान 60 प्रकरण दर्ज किए गए और आरोपियों के कब्जे से कुल 2 लाख 51 हजार 746 रुपये नगद जब्त किए गए।
दीपावली पर्व के मद्देनजर बालोद पुलिस ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जुआ-सट्टा गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी थी। पुलिस टीमों ने प्राप्त सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर जुआ खेलते पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की। अभियान के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत 60 प्रकरण दर्ज कर 261 आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की गई।
एसपी के निर्देशन में जिलेभर में चला विशेष अभियान
यह अभियान पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन तथा जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस स्टाफ ने अपने-अपने क्षेत्रों में जुआ-सट्टा की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक प्रक्रिया पूरी की।
जुआ-सट्टा के खिलाफ आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस ने आम नागरिकों से की सहयोग की अपील
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से सभी त्योहारों को आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने तथा जुआ-सट्टा जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को देने का आग्रह किया है।




