जेडी ऑफिस के पास अलग-अलग जगहों पर चल रहा था ताश से जुए का खेल, राजहरा पुलिस ने दो मामलों में की कार्रवाई
बालोद। दल्ली राजहरा में जुआरियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश दी। इस दौरान ताश की 52 पत्तियों से जुआ खेल रहे आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों स्थानों से कुल 4,450 रुपये नगद और ताश की पत्तियां जब्त की हैं।
पुलिस अधीक्षक बालोद किरण चौहान एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा सीएसपी राजहरा विकास पाटले के मार्गदर्शन में अवैध जुआ, सट्टा और शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 4 नवंबर 2026 की शाम पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर राजहरा पुलिस ने जेडी ऑफिस के पास अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
पहले जुआ फड़ से चार आरोपी पकड़ाए
पहली कार्रवाई में पुलिस ने लक्ष्मीनारायण उर्फ पिंटू सोनी (38 वर्ष), गोलू उर्फ पिंटू चिकवा (33 वर्ष), उपेन्द्र कुमार उर्फ रिंकू (28 वर्ष) और संतोष चिकवा (38 वर्ष) को पकड़ा। इनके कब्जे एवं जुआ फड़ से 52 पत्ती ताश और 2,100 रुपये नगद जब्त किए गए।
दूसरे जुआ फड़ पर भी पुलिस की कार्रवाई
दूसरी कार्रवाई में राजा वर्मा (20 वर्ष), सोनू ठगेल (30 वर्ष), पिंटू खसवा (28 वर्ष) और मनीष निषाद (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे एवं जुआ फड़ से 2,350 रुपये नगद जब्त किए गए।
पुलिस ने दोनों मामलों में कुल आठ आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपी दल्ली राजहरा के वार्ड क्रमांक 24, 25 एवं 26 के निवासी हैं।
राजहरा पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, गांजा बिक्री एवं नशीली दवाओं जैसी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

