एक बेटी के नाम से शुरू हुई मुहिम, अब पूरे छत्तीसगढ़ में बेटियों के सम्मान में जलेंगे पांच-पांच दीप!

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 





जगन्नाथपुर से शुरू हुआ ‘बेटी है तो कल है’ अभियान बना जनआंदोलन की पहल, पद्मश्री शमशाद बेगम ने महिला कमांडो से की गांव-गांव तक संदेश पहुंचाने की अपील


बालोद। बेटियों के सम्मान, समानता और अधिकारों का संदेश देने के लिए बालोद जिले के ग्राम जगन्नाथपुर से शुरू हुई एक अनूठी पहल अब पूरे छत्तीसगढ़ में विस्तार लेने जा रही है। ‘बेटी है तो कल है’ अभियान के तहत इस दीपावली लक्ष्मी पूजा के दिन बेटियों के नाम पांच-पांच दीप जलाकर समाज को बेटी और बेटे के बीच भेदभाव मिटाने का संदेश दिया जाएगा। अभियान को स्कूलों, गांवों और सामाजिक संगठनों से समर्थन मिल रहा है।


वर्ष 2019 में बेटी वैष्णवी के नाम से शुरू हुई पहल







इस अभियान की प्रेरणास्रोत ग्राम जगन्नाथपुर निवासी दीपक यादव की बेटी वैष्णवी यादव हैं। उनके परिवार ने वर्ष 2019 से बेटियों के सम्मान में दीप जलाने की पहल शुरू की थी। परिवार की इस छोटी-सी कोशिश को अब व्यापक सामाजिक अभियान का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि बेटियों के प्रति सम्मान और समानता का संदेश प्रदेश के हर गांव तक पहुंच सके।

स्कूलों से घरों तक गूंजेगा ‘बेटी है तो कल है’ का संदेश


अभियान के तहत स्कूलों में विद्यार्थियों को बेटियों के सम्मान और समान अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की गई है कि लक्ष्मी पूजा के दिन अपने घरों के आंगन में ‘बेटी है तो कल है’ लिखकर आकर्षक रंगोली सजाएं और बेटियों के नाम पांच दीपक जलाएं।


अभियान का उद्देश्य केवल दीप जलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की सोच में बदलाव लाना है। हर बेटी को बेटे के समान प्यार, सम्मान और अवसर मिले, यही इस पहल का मूल उद्देश्य है।


 पद्मश्री शमशाद बेगम ने महिला कमांडो से की खास अपील


महिला कमांडो छत्तीसगढ़ की प्रणेता पद्मश्री शमशाद बेगम ने प्रदेश की सर्व महिला कमांडो से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी महिला कमांडो बहनें लक्ष्मी पूजा के दिन अपने घरों के सामने ‘बेटी है तो कल है’ का संदेश लिखकर रंगोली सजाएं और अपनी बेटियों के नाम पांच-पांच दीपक जलाएं।


उन्होंने गांवों में बेटी वाले परिवारों को भी इस अभियान से जोड़ने तथा आयोजन की तस्वीरें साझा करने का आग्रह किया है। माना जा रहा है कि महिला कमांडो की सक्रिय भागीदारी से यह संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।


बेटियों के सम्मान में जलाए गए दीपों की तस्वीरों को मिलेगा मंच


अभियान में शामिल परिवारों, स्कूलों और महिला कमांडो द्वारा भेजी गई चुनिंदा तस्वीरों को दर्शन बालोद मासिक पत्रिका के दीपावली विशेषांक और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित किया जाएगा। इससे बेटियों के सम्मान में उठाए गए छोटे-छोटे प्रयासों को पहचान मिलेगी और दूसरे परिवार भी इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे।


दर्शन बालोद के प्रधान संपादक दीपक यादव ने कहा कि समाज से बेटी और बेटे के बीच भेदभाव दूर करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने नागरिकों से इस दीपावली बेटियों के सम्मान में पांच दीप जलाकर समानता, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच का संदेश देने की अपील की।


अभियान से जुड़ने और अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए मोबाइल नंबर 9755235270 पर संपर्क किया जा सकता है।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top