राष्ट्र चेतना संवाद में प्रबुद्धजनों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, चुनावी व्यवस्था और राष्ट्रहित के मुद्दों पर रखे विचार; संत रविदास सम्मान से अलंकृत जगदीश देशमुख का किया गया सम्मान
अर्जुन्दा। लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्रहित के प्रति जनजागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के अर्जुन्दा नगर में 29 अक्टूबर को भव्य ‘राष्ट्र चेतना संवाद’ का आयोजन किया गया। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता भगाओ’ के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में लोकतांत्रिक व्यवस्था, वोट चोरी के आरोपों, सामाजिक एकता और वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य से जुड़े मुद्दों पर प्रबुद्धजनों ने खुलकर विचार रखे। संवाद के दौरान वक्ताओं और उपस्थित नागरिकों के बीच सवाल-जवाब भी हुए।
जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख ने रखी संवाद की आधारशिला
कार्यक्रम की शुरुआत जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख की प्रस्तावना से हुई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों में लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और समाज को अराजकता फैलाने वाली शक्तियों के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्र चेतना संवाद का उद्देश्य किसी राजनीतिक लाभ तक सीमित नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाना है।
वोट चोरी के आरोपों पर सवाल-जवाब, हुआ तर्क-वितर्क
संवाद के दौरान प्रबुद्धजनों ने विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों और उनसे संबंधित प्रचार को लेकर वक्ताओं के सामने सवाल रखे। उपस्थित बुद्धिजीवियों ने अपनी जिज्ञासाएं और आशंकाएं व्यक्त करते हुए विभिन्न पहलुओं पर तर्क-वितर्क किया। इस दौरान लोकतांत्रिक प्रक्रिया, चुनावी व्यवस्था और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के विषय पर गंभीर चर्चा हुई।
शिरीष अग्रवाल बोले- लोकतांत्रिक चेतना मजबूत राष्ट्र की आधारशिला
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शिरीष अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और संवैधानिक मर्यादाओं पर आधारित जीवन पद्धति है। स्वस्थ लोकतंत्र में अराजकता और अव्यवस्था के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। वैचारिक मतभेदों का समाधान टकराव से नहीं, बल्कि सार्थक संवाद से संभव है।
उन्होंने युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों से संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए जागरूक रहने तथा समाज में सकारात्मक वैचारिक वातावरण तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विपक्ष द्वारा वोट चोरी के आरोपों को लेकर किए जा रहे प्रचार पर उन्होंने इसे चुनावी पराजय से उपजी हताशा बताया। साथ ही उपस्थित बुद्धिजीवियों के सवालों का तथ्यों और तर्कों के आधार पर जवाब दिया। कार्यक्रम में यह विषय खुली चर्चा का प्रमुख केंद्र रहा।
संत रविदास सम्मान से अलंकृत जगदीश देशमुख का हुआ सम्मान
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सामाजिक समरसता, साहित्य एवं काव्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य शासन के संत रविदास सम्मान से अलंकृत जगदीश देशमुख का सम्मान रहा। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष नरेश यदु एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष ठाकुर राम चंद्राकर ने उन्हें अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जगदीश देशमुख ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में आम नागरिकों की भूमिका सर्वोपरि है। राष्ट्र और समाज के प्रति प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। लोकतंत्र की मजबूती केवल शासन-प्रशासन से नहीं, बल्कि जागरूक, जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से सुनिश्चित होती है।
अतिथियों को भेंट की गई श्रीरामचरितमानस की प्रति
कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथियों और प्रबुद्धजनों का आयोजकों ने आत्मीय स्वागत किया। उन्हें पवित्र ग्रंथ श्रीरामचरितमानस की प्रति भेंट स्वरूप प्रदान की गई। भारतीय सांस्कृतिक परंपरा और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ी इस भेंट के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल अध्यक्ष विश्वास गुप्ता ने किया, जबकि कार्यक्रम प्रभारी एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष ठाकुर राम चंद्राकर ने अतिथियों, वक्ताओं और उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सामाजिक एकता और लोकतांत्रिक मजबूती का लिया संकल्प
गुंडरदेही विधानसभा स्तरीय इस राष्ट्र चेतना संवाद में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इनमें सामाजिक कार्यकर्ता शिरीष अग्रवाल, शिव कुमार साहू, यशवंत चौबे, गायत्री परिवार से मंगल सिंह चौहान, पूर्व सैनिक योगेश्वर साहू, सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी डॉ. रघुवीर चंद्राकर तथा सेवानिवृत्त अधिकारी यशवंत ताराम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए सदैव सजग एवं प्रतिबद्ध रहने का सामूहिक संकल्प व्यक्त किया।
कमल पनपालिया मीडिया प्रभारी भारतीय जनता पार्टी, जिला बालोद

