पुराने प्लास्टिक और मिट्टी के मटके से बनाया ऐसा मॉडल, जिला विज्ञान मेले में कुरदा की बेटियों ने रचा इतिहास!

Madhu Sahu Desk Incharge
0





तीनों स्थानों पर जमाया कब्जा, अब बिलासपुर जोन स्तरीय विज्ञान मेले में दिखाएंगी हुनर; पर्यावरण संरक्षण और जल शुद्धिकरण के नवाचारों ने निर्णायक मंडल को किया प्रभावित


कुरदा, 5 नवंबर। सीमित संसाधनों में भी बड़ी वैज्ञानिक सोच विकसित की जा सकती है, इसे शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कुरदा की छात्राओं ने साबित कर दिखाया है। जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेले में विद्यालय की छात्राओं ने अपने अभिनव विज्ञान मॉडलों के दम पर ऐसा प्रदर्शन किया कि प्रथम, द्वितीय और तृतीय तीनों स्थानों पर अपना कब्जा जमा लिया। इस शानदार उपलब्धि के साथ ही उनके तीनों मॉडलों का चयन 12 नवंबर को बिलासपुर में आयोजित होने वाले जोन स्तरीय पश्चिम भारत विज्ञान मेले के लिए हुआ है।


प्रदर्शनी में छात्राओं ने दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें इको फ्रेंडली बॉटल कूलर, इको फ्रेंडली मटका फ्रिज और बांस का तैरता हुआ टापू (फ्लोटिंग ट्रीटमेंट वेटलैंड) प्रमुख रहे।


पुरानी प्लास्टिक बोतलों से तैयार किया इको फ्रेंडली कूलर


इको फ्रेंडली बॉटल कूलर मॉडल में पुरानी प्लास्टिक बोतलों का पुनः उपयोग करते हुए प्राकृतिक वायु शीतलन की अवधारणा प्रस्तुत की गई। इसका उद्देश्य कम लागत में हवा को ठंडा करने के साथ अनुपयोगी प्लास्टिक का रचनात्मक उपयोग करना है।


बिना बिजली के ठंडक देगा मिट्टी का मटका फ्रिज


इको फ्रेंडली मटका फ्रिज मॉडल मिट्टी के मटकों की प्राकृतिक शीतलन क्षमता और वाष्पीकरण के सिद्धांत पर आधारित है। इसके माध्यम से बिना बिजली के पानी और खाद्य पदार्थों को ठंडा रखने की उपयोगी तकनीक दिखाई गई। यह ग्रामीण क्षेत्रों के लिए कम लागत वाला पर्यावरण अनुकूल विकल्प है।


बांस के तैरते टापू से तालाबों का पानी होगा स्वच्छ


बांस का तैरता हुआ टापू (फ्लोटिंग ट्रीटमेंट वेटलैंड) मॉडल तालाबों में बढ़ते शैवाल और जल प्रदूषण की समस्या के समाधान पर आधारित है। इसमें बांस और जलीय पौधों की मदद से प्राकृतिक तरीके से जल की गुणवत्ता सुधारने की वैज्ञानिक अवधारणा प्रस्तुत की गई।




इन मॉडलों का निर्माण एवं प्रस्तुतीकरण कक्षा बारहवीं की छात्राओं अनुपमा देवांगन, आयशा कुर्रे, उमा कुर्रे, मानसी लहरे, मानसी बरेठ एवं क्रिष्टि कर्ष ने किया। छात्राओं ने निर्णायक मंडल के समक्ष पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली, वैज्ञानिक सिद्धांत और सामाजिक उपयोगिता की जानकारी दी।


श्रीमती रजिया अंजुम शेख के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से छात्राओं ने इन वैज्ञानिक मॉडलों को तैयार किया। उनके मार्गदर्शन में छात्राओं ने यह साबित किया कि ग्रामीण परिवेश में भी सीमित संसाधनों के माध्यम से उपयोगी और समाजोपयोगी वैज्ञानिक नवाचार किए जा सकते हैं।


जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अलग-अलग वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर छात्राओं को जिला शिक्षा अधिकारी, जिला जांजगीर-चांपा के हाथों प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अब ये छात्राएं 12 नवंबर को बिलासपुर में आयोजित होने वाले जोन स्तरीय पश्चिम भारत विज्ञान मेले में अपने मॉडलों का प्रदर्शन करेंगी।


यह उपलब्धि बताती है कि विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि वैज्ञानिक सोच और प्रयोगों के जरिए आसपास की समस्याओं का समाधान भी खोजा जा सकता है। पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक का पुनः उपयोग, ऊर्जा बचत और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर छात्राओं का यह प्रयास सराहनीय है।


विद्यालय परिवार की श्रीमती अंजना सिंह परिहार, श्रीमती शांति थवाईत, श्रीमती भावना एवं सभी शिक्षकों ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और बिलासपुर जोन स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीण अंचल की इन होनहार बेटियों की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top