अब घर-घर पहुंचेगी टीम, स्कूल से दूर बच्चों की होगी तलाश! ‘लइका चिन्हारी’ एप से खुलेगी शिक्षा से वंचित बच्चों की राह

Madhu Sahu Desk Incharge
0

  




एक बच्चे का सर्वे करने पर ₹20 और स्कूल में दाखिला दिलाकर तीन महीने तक नियमित पढ़ाई कराने पर मिलेंगे ₹500; बालोद के 24 संकुलों को 20 नवंबर तक सर्वे पूरा करने का अल्टीमेटम


बालोद। स्कूल छोड़ चुके या कभी स्कूल का मुंह तक नहीं देख पाए बच्चों को अब घर बैठे नहीं छोड़ा जाएगा। ऐसे बच्चों की पहचान के लिए शिक्षा विभाग ने ‘लइका चिन्हारी’ मोबाइल एप के जरिए घर-घर सर्वे अभियान शुरू किया है। इस डिजिटल पहल से न केवल स्कूल से दूर बच्चों का पता लगाया जाएगा, बल्कि उन्हें दोबारा स्कूल पहुंचाकर शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।


राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ एवं जिला समग्र शिक्षा कार्यालय बालोद के निर्देशानुसार 5 नवंबर 2026 को विकासखंड बालोद में विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें बालोद विकासखंड के 24 संकुलों के संकुल समन्वयकों (CAC) को सर्वे प्रक्रिया, सर्वेकर्ताओं के पंजीयन और सत्यापन का प्रशिक्षण दिया गया।


एक क्लिक में दर्ज होगी स्कूल से दूर बच्चों की पहचान


‘लइका चिन्हारी’ एप के माध्यम से सर्वेकर्ता घर-घर पहुंचकर ऐसे बच्चों की पहचान करेंगे, जो स्कूल छोड़ चुके हैं, कभी स्कूल में दाखिल नहीं हुए हैं या किसी कारणवश शिक्षा से वंचित हैं। इनमें आउट ऑफ स्कूल, शाला त्यागी, ड्रॉपआउट और विशेष आवश्यकता वाले बच्चे (CWSN) शामिल हैं। बच्चों के स्कूल से दूर रहने के कारणों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और पढ़ाई में आ रही कठिनाइयों की जानकारी भी एप में दर्ज की जाएगी।


सर्वे करने पर ₹20, दाखिला दिलाने पर ₹500 का प्रोत्साहन


इस अभियान में सर्वेकर्ताओं के लिए प्रोत्साहन राशि का भी प्रावधान किया गया है। सर्वे में बच्चे की एंट्री और सत्यापन पूरा होने पर प्रति छात्र 20 रुपये दिए जाएंगे। वहीं, बच्चे का स्कूल में दाखिला कराने और कम से कम तीन महीने तक नियमित स्कूल भेजने के बाद प्राचार्य के सत्यापन पर 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।




पंजीयन से लेकर सत्यापन तक होगी डिजिटल प्रक्रिया


सर्वेकर्ता गूगल प्ले स्टोर से एप डाउनलोड कर अपना नाम, मोबाइल नंबर, स्कूल और बसाहट संबंधी जानकारी दर्ज करेंगे। इसके बाद संकुल समन्वयक पंजीयन का सत्यापन करेंगे। चिन्हित बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें नजदीकी स्कूल में दाखिला दिलाने का प्रयास किया जाएगा।


20 नवंबर तक पूरा करना होगा सर्वे, 13 को संकुल स्तर पर प्रशिक्षण


इस अभियान के तहत 3 नवंबर को जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जबकि 5 नवंबर को विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न हुआ। आगामी 13 नवंबर को संकुल स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री राजेश कुमार पिस्दा, एपीसी श्री राजेंद्र देवांगन एवं बीआरसी श्री जीवनलाल कोटेंद्र ने सभी 24 संकुल समन्वयकों को 20 नवंबर 2026 तक सर्वे कार्य पूरा कर जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर लाल रघुवीर सिंह ठाकुर, दीपेश नाथ योगी, श्रीमती पायल मैडम सहित बालोद विकासखंड के सभी 24 संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top