अब खाद के लिए समितियों में नहीं लगानी पड़ेगी लंबी कतार! मोबाइल एप से घर बैठे बुक करें यूरिया और पाएं डिजिटल टोकन

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 




बालोद जिले में रासायनिक खाद वितरण व्यवस्था हुई डिजिटल, मोबाइल एप से बुकिंग के बाद टोकन के आधार पर मिलेगी खाद; स्मार्टफोन नहीं होने पर CSC सेंटर से भी मिलेगी सुविधा


बालोद, 05 नवंबर। रासायनिक खाद के लिए सहकारी समितियों में लगने वाली लंबी कतारों और वितरण संबंधी परेशानियों से किसानों को राहत मिलने वाली है। अब किसान घर बैठे मोबाइल एप के माध्यम से अपनी जरूरत के अनुसार खाद की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के बाद मोबाइल पर डिजिटल टोकन जारी होगा, जिसके आधार पर संबंधित खाद बिक्री केंद्र से उर्वरक प्राप्त किया जा सकेगा। भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यह नई डिजिटल प्रणाली लागू की गई है।


कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार बालोद जिले में इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कृषि विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। किसानों को नई व्यवस्था की जानकारी देने के साथ ही उन्हें मोबाइल एप के उपयोग के लिए जागरूक किया जा रहा है।


‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ एप से होगी खाद की बुकिंग


नई व्यवस्था के तहत किसानों को ‘फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल’ मोबाइल एप के माध्यम से उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। किसान अपने मोबाइल के गूगल प्ले स्टोर से एप डाउनलोड और इंस्टॉल कर पंजीयन कर सकेंगे। इसके बाद अपनी आवश्यकता के अनुसार खाद की बुकिंग करने पर मोबाइल में टोकन जारी होगा। इसी टोकन के आधार पर संबंधित उर्वरक बिक्री केंद्र से खाद प्राप्त की जा सकेगी।


बालोद जिले में तीन किसानों को क्यूआर कोड से मिली यूरिया


डिजिटल खाद वितरण व्यवस्था की शुरुआत के तहत गुरुर विकासखंड की सहकारी समिति में तीन किसानों को क्यूआर कोड के माध्यम से एक-एक बोरी यूरिया का वितरण किया गया। इनमें ग्राम रजोली के श्री रिसन चंद्राकर, ग्राम परसदा के श्री उदयमन लाल साहू और ग्राम भरदाकला के श्री प्रहलाद निषाद शामिल हैं। इस प्रक्रिया के जरिए किसानों को नई डिजिटल व्यवस्था का प्रत्यक्ष अनुभव कराया गया।


स्मार्टफोन नहीं है तो परिवार के मोबाइल या CSC से मिलेगी सुविधा


कृषि विभाग के अनुसार जिन किसानों के पास स्वयं का स्मार्टफोन नहीं है, वे परिवार के किसी अन्य सदस्य के मोबाइल में भी एप इंस्टॉल कर आवश्यक जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा डिजिटल सुविधा से वंचित किसान अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पहुंचकर टोकन अथवा क्यूआर कोड प्राप्त कर खाद खरीद सकेंगे।



समिति प्रबंधकों और खाद विक्रेताओं को दिया गया प्रशिक्षण


नई व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू करने के लिए मास्टर ट्रेनर्स द्वारा सहकारी समितियों के प्रबंधकों और उर्वरक विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इसके साथ ही कृषि विभाग के मैदानी अमले के माध्यम से किसानों को एप डाउनलोड करने, पंजीयन और खाद बुकिंग की प्रक्रिया समझाई जा रही है।


बुकिंग में परेशानी हो तो कृषि अधिकारियों से लें मदद


किसानों को मोबाइल एप के संचालन अथवा खाद की बुकिंग में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर अपने क्षेत्र के कृषि विकास अधिकारी या ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सहायता लेने की अपील की गई है।


नई डिजिटल व्यवस्था से खाद वितरण में पारदर्शिता बढ़ने, अनावश्यक भीड़ कम होने और किसानों को अपनी जरूरत के अनुसार समय पर रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top