नम आंखों से मां लक्ष्मी को दी गई विदाई, भव्य झांकी और आतिशबाजी के बीच निकली विसर्जन यात्रा

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 

गुफा के जरिए दर्शन की अनूठी व्यवस्था रही आकर्षण का केंद्र, डीजे की धुन पर झूमते श्रद्धालुओं ने सोमनायक तालाब में किया प्रतिमा विसर्जन

रेंगाडबरी। धनतेरस के पावन अवसर पर रेंगाडबरी के आमापारा बस स्टैंड में स्थापित मां लक्ष्मी की प्रतिमा का मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य विसर्जन किया गया। मां लक्ष्मी को विदाई देने के दौरान श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। भक्तिमय माहौल में पूरे गांव में विसर्जन यात्रा निकाली गई और सोमनायक तालाब में विधि-विधान के साथ प्रतिमा का विसर्जन संपन्न हुआ।




धनतेरस की शाम पंडित लोचन प्रसाद शर्मा द्वारा विधि-विधान से मां लक्ष्मी की प्रतिमा की स्थापना कराई गई थी। स्थापना के बाद से ही श्रद्धालु लगातार पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचते रहे। वहीं, रात्रि में सेवा गायन का आयोजन भी किया जा रहा था। समिति द्वारा गुफा के माध्यम से दर्शन की अनूठी व्यवस्था की गई थी, जो पूरे क्षेत्र में विशेष आकर्षण और चर्चा का विषय बनी रही।

मंगलवार को विसर्जन के अवसर पर दोपहर बाद से ही आमापारा में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। मां लक्ष्मी की आकर्षक झांकी सजाकर गली भ्रमण निकाला गया। झांकी गांव की विभिन्न गलियों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह ग्रामीणों ने मां के दर्शन किए और आरती उतारकर सुख-समृद्धि की कामना की।

विसर्जन यात्रा के दौरान डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-झूमते नजर आए। वहीं, आतिशबाजी और पटाखों की गूंज से पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। इसके बाद यात्रा सोमनायक तालाब पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां लक्ष्मी की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।

प्रतिमा विसर्जन के दौरान माहौल भावुक हो गया। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां लक्ष्मी को विदाई दी। कई भक्त भावुक नजर आए और मां से गांव में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। साथ ही अगले वर्ष फिर से आगमन की कामना की।

समूचा आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली और शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराया।

नेमन साहू, रेंगाडबरी

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top