शराब भट्ठी में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, लोहे के पाइप से पीटकर की थी हत्या; आरोपी को आजीवन कारावास

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 

CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक विवेचना बनीं अहम कड़ी, ADJ न्यायालय बालोद ने सुनाई सख्त सजा

बालोद। थाना डौंडी लोहारा क्षेत्र के शराब भट्ठी में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की प्रभावी एवं वैज्ञानिक विवेचना के बाद माननीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (ADJ) न्यायालय बालोद ने हत्या के आरोपी जालम आमदो को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। आरोपी ने शराब पीने के दौरान हुए विवाद में लोहे के चौकोर पाइप से हमला कर विजय बघेल की हत्या कर दी थी। इस मामले में CCTV कैमरे के फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक जांच महत्वपूर्ण साबित हुए।

प्रकरण थाना डौंडी लोहारा में अपराध क्रमांक 84/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत पंजीबद्ध किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 10 जून 2025 को प्रार्थी मोहित निषाद निवासी लोहारा ने थाना डौंडी लोहारा में सूचना दी कि ग्राम भालूकोनहा निवासी जालम आमदो ने शराब भट्ठी लोहारा के पास विवाद और मारपीट के दौरान विजय बघेल के सिर एवं माथे पर लोहे के पाइप से कई बार हमला कर उसकी हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह पुलिस टीम एवं सीन ऑफ क्राइम यूनिट बालोद के साथ घटनास्थल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान मृतक के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। इसके बाद विधिवत मर्ग कायम कर अपराध दर्ज किया गया और मामले की जांच शुरू की गई।

शराब पीने के दौरान हुआ विवाद, लोहे के पाइप से किया जानलेवा हमला

विवेचना में सामने आया कि जालम आमदो और विजय बघेल दोनों लोहारा स्थित शराब भट्ठी में शराब पीने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। गुस्से में आकर आरोपी जालम आमदो ने लोहे के चौकोर पाइप के टुकड़े से विजय बघेल के सिर और माथे पर कई बार प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप विधिवत जब्त कर रासायनिक जांच के लिए भेजा।

CCTV फुटेज और वैज्ञानिक जांच से मजबूत हुआ मामला

मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मृत्यु होना तथा मृत्यु का कारण हत्यात्मक प्रकृति का होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के संपर्कों, प्रत्यक्षदर्शी गवाहों और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की बारीकी से जांच की। इस दौरान हत्या की घटना से संबंधित फुटेज प्राप्त हुआ, जिसे विधिवत जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह ने विवेचना को प्राथमिकता देते हुए थाना पुलिस एवं साइबर सेल की टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए। साथ ही CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, वैज्ञानिक जांच और मैदानी विवेचना के आधार पर घटनाक्रम की सभी कड़ियों को जोड़ा। इन साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मजबूत मामला तैयार किया गया।

पुलिस विवेचना और अभियोजन की प्रभावी पैरवी से मिली सजा

प्रकरण की संपूर्ण विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह द्वारा की गई। वहीं, राज्य शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक श्री घनश्याम सिंह साहू ने न्यायालय में प्रभावी पैरवी की। पुलिस द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों और अभियोजन की पैरवी के आधार पर माननीय ADJ न्यायालय बालोद ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया।

सजा प्राप्त आरोपी: जालम आमदो, पिता मन राखान आमदो, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम भालूकोनहा, थाना डौंडी लोहारा, जिला बालोद।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top