जगन्नाथपुर में दो मौतों से मचा हड़कंप, खेत में मिली बुजुर्ग की सड़ी-गली लाश, लंबे समय तक गांव की सेवा करने वाले कोतवाल का भी निधन

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 



शनिवार से लापता थे ढालसिंह विश्वकर्मा, बांध के पीछे खेत में मिला शव; 71 वर्षीय उत्तम कुमार मिथलेश 25-30 वर्षों से संभाल रहे थे गांव के कोतवाल की जिम्मेदारी


बालोद। बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम जगन्नाथपुर में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत से गांव में हड़कंप मच गया है। एक ओर करीब 50 से 55 वर्षीय ढालसिंह विश्वकर्मा का शव बांध के पीछे स्थित खेत में सड़ी-गली अवस्था में मिला, वहीं दूसरी ओर गांव के 71 वर्षीय कोतवाल उत्तम कुमार मिथलेश का भी गुरुवार शाम निधन हो गया।


जानकारी के अनुसार, ढालसिंह विश्वकर्मा विगत शनिवार से लापता थे। परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे। शुक्रवार सुबह उनके बड़े पुत्र डोमेश विश्वकर्मा खेत देखने गए थे। इसी दौरान उन्हें खेत में अपने पिता का शव दिखाई दिया। उन्होंने शव की पहचान की और इसकी जानकारी परिजनों को दी।


पुत्र डोमेश के मुताबिक, उनके पिता शनिवार से घर नहीं लौटे थे। परिजन उनकी काफी खोजबीन कर रहे थे। बताया जाता है कि वे कई बार स्वयं ही घर लौट आते थे, लेकिन इस बार उनका कोई पता नहीं चल पाया। खेत में मिला शव काफी सड़ी-गली अवस्था में था।


प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि खेत में काम करने अथवा घास काटने के दौरान किसी जहरीले सांप या अन्य जीव-जंतु के काटने से उनकी मौत हुई होगी। संभव है कि समय पर मदद नहीं मिलने के कारण उन्होंने खेत में ही दम तोड़ दिया हो। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


इधर, इसी गांव के 71 वर्षीय कोतवाल उत्तम कुमार मिथलेश का भी गुरुवार शाम निधन हो गया। शुक्रवार को स्थानीय मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। वे पिछले करीब 25 से 30 वर्षों से गांव में सरकारी कोतवाल की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके निधन से गांव में शोक की लहर है।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top