एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम, हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ पर कंट्रोल रूम से लेकर मैदान तक रखी गई नजर; गंगरेल और मातर मड़ई के सभी आयोजन शांतिपूर्ण संपन्न
धमतरी। गंगरेल मड़ई में उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच धमतरी पुलिस ने सुरक्षा और संवेदनशीलता की शानदार मिसाल पेश की। एक ओर ड्रोन कैमरे से मेला परिसर, पार्किंग और प्रमुख मार्गों पर पैनी नजर रखी गई, तो दूसरी ओर भीड़ में परिजनों से बिछड़े बच्चों को सकुशल उनके परिवारों तक पहुंचाकर पुलिस जवानों ने लोगों का दिल जीत लिया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में गंगरेल मड़ई सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित मातर मड़ई के कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए।
गंगरेल मड़ई में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक पहुंचे थे। इसे देखते हुए धमतरी पुलिस ने मेला परिसर, आसपास के क्षेत्रों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया था। भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ड्रोन कैमरे से हजारों की भीड़ पर नजर
मेला परिसर में उमड़ने वाली हजारों की भीड़ की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे का उपयोग किया गया। इसके माध्यम से मेला स्थल, पार्किंग क्षेत्र और प्रमुख मार्गों की गतिविधियों पर रियल टाइम नजर रखी गई। तकनीकी निगरानी और मैदानी पुलिस बल के बेहतर समन्वय से भीड़ को नियंत्रित रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिली।
बिछड़े बच्चों को परिजनों से मिलाकर दिखाई संवेदनशीलता
सुरक्षा व्यवस्था के बीच धमतरी पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का भी परिचय दिया। मेला परिसर में भीड़ के दौरान कुछ बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ गए थे। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और आवश्यक प्रयासों के बाद उन्हें उनके परिजनों से मिलवाया। बच्चों को दोबारा अपने परिवार के बीच देखकर परिजनों के चेहरों पर खुशी लौट आई। पुलिस की इस पहल की मौके पर मौजूद नागरिकों ने सराहना की।
कंट्रोल रूम से एसपी ने की लगातार निगरानी
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय कंट्रोल रूम धमतरी के माध्यम से मेला परिसर की भीड़, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की लगातार समीक्षा करती रहीं। राजपत्रित अधिकारियों ने भी नियमित रूप से मेला स्थल का निरीक्षण और पेट्रोलिंग कर मैदानी व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों और जवानों के बीच बेहतर समन्वय के चलते किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लगातार सतर्क रही।
मातर मड़ई में भी रहे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित मातर मड़ई के दौरान भी धमतरी पुलिस ने पर्याप्त बल तैनात कर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखी। संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस जवानों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी एवं पेट्रोलिंग की। पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी के चलते गंगरेल मड़ई सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित मातर मड़ई के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुए।
धमतरी पुलिस ने आधुनिक तकनीक, व्यापक सुरक्षा प्रबंधन, सतत निगरानी और मानवीय संवेदनशीलता के साथ यह सुनिश्चित किया कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के धार्मिक एवं पारंपरिक आयोजनों में शामिल हो सकें। पुलिस की सक्रियता और सेवा भावना की आम नागरिकों ने सराहना की।

