जनजातीय महापुरुषों के परिजनों का होगा सम्मान; पारंपरिक कला, व्यंजन, शिल्पकला और शासकीय योजनाओं की प्रदर्शनी बनेगी खास आकर्षण

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 

बालोद। जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, वीरता और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से जानने का अवसर बालोद जिलेवासियों को मिलने जा रहा है। जिले में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत 17 नवंबर को जिला मुख्यालय स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान में जिला स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक कला, स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय महापुरुषों के योगदान और शासन की विकासपरक योजनाओं की झलक देखने को मिलेगी।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जनजातीय गौरव सप्ताह के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों एवं अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सप्ताहभर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, पारंपरिक कला-संस्कृति और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

चित्रकला प्रतियोगिता से लेकर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर होगा दीप प्रज्ज्वलन

जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत 13 से 15 नवंबर तक जिले के सभी छात्रावासों एवं आश्रमों में जनजातीय विषयों पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसकी जिम्मेदारी आदिवासी विकास विभाग को दी गई है।

वहीं, 16 नवंबर को जिले के जनजातीय महापुरुषों एवं अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन भी किया जाएगा। ग्राम पंचायत क्षेत्रों में जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, नगरीय क्षेत्रों में संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारियों तथा छात्रावासों एवं आश्रमों में आदिवासी विकास विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी दिन जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में जनजातीय विषयों पर जिला स्तरीय संगोष्ठी एवं सेमिनार का आयोजन भी किया जाएगा।

17 नवंबर को होगा मुख्य समारोह, जनजातीय नायकों के परिजन होंगे सम्मानित

जनजातीय गौरव सप्ताह का सबसे बड़ा आकर्षण 17 नवंबर को सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान बालोद में आयोजित होने वाला जिला स्तरीय मुख्य समारोह रहेगा। इसमें जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, वीरता, परंपराओं और विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

समारोह में जनजातीय क्रांतियों के नायकों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही जनजातीय समाज के प्रमुखों एवं उप-प्रमुखों का अभिनंदन भी होगा। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, कला, संस्कृति और चित्रकला की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

पारंपरिक व्यंजन, शिल्पकला और पुस्तक मेले से रूबरू होंगे लोग

समारोह में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। पारंपरिक शिल्पकला, जनजातीय व्यंजन और पुस्तक मेले के माध्यम से लोगों को जनजातीय समाज की जीवनशैली, खान-पान और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। समारोह में मंत्री, सांसद एवं विधायकगणों की गरिमामयी उपस्थिति में पत्रकारवार्ता भी आयोजित की जाएगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समन्वय के साथ तैयारी पूरी करने के निर्देश

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत तथा सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी करने और प्रत्येक आयोजन को गरिमामय एवं सफल बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा है।

जनजातीय गौरव सप्ताह के आयोजन से जिले में जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत, महापुरुषों के ऐतिहासिक योगदान और शासन की विकासपरक योजनाओं को व्यापक पहचान मिलेगी। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से जुड़ने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top