बिरसा मुंडा जयंती पर राष्ट्रीय कार्यक्रम से जुड़ेंगे बालोदवासी, पीएम मोदी के संबोधन का होगा सीधा प्रसारण

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 

15 नवंबर को सुबह 11 बजे से वर्चुअल आयोजन, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से सहभागिता की अपील की

बालोद, 14 नवंबर 2026।

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं छठवें जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में बालोद जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक भी वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित इस भव्य राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़कर जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसका सीधा प्रसारण किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा 1 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक देशभर में जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसका समापन 15 नवंबर को गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय समारोह के साथ होगा।

कलेक्टर ने अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से राष्ट्रीय कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों को भी कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करने तथा आम नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की अधिक से अधिक वर्चुअल सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

सुबह 11 बजे से होगा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण

राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम 15 नवंबर को सुबह 11 बजे से आयोजित होगा। निर्धारित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग लिंक के माध्यम से जिले के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि इस कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के योगदान, जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों की भूमिका को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही जनजातीय समुदाय के सम्मान, अधिकारों और उनकी गौरवशाली विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top