किसानों की सुविधा से लेकर बारदाने और धान भंडारण तक पर रखी जाएगी नजर, अनियमितता मिलने पर तत्काल होगी संबंधित अधिकारियों को सूचना
बालोद, 14 नवंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए बालोद जिला प्रशासन ने सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों की नियमित निगरानी के लिए विशेष निगरानी दलों का गठन किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार निगरानी दलों को धान खरीदी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखने और शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दलों द्वारा उपार्जन केंद्रों में धान की आवक, खरीदी व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता, भंडारण सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी।
इसके साथ ही किसानों के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए उपार्जन केंद्र पहुंचने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पूरी खरीदी प्रक्रिया शासन के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप संपन्न हो। निगरानी दलों की सक्रियता से खरीदी व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने धान खरीदी कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों को समय पर बेहतर सुविधाएं मिलें और जिले में धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
