दीप जलाने के साथ बच्चों ने प्रस्तुत किया पारंपरिक सुवा नृत्य और माता सेवा गीत, लोकगीतों की मिठास से मोहल्ले में बिखेरी संस्कृति की खुशबू
बालोद। दीपावली के पावन पर्व पर पी एम श्री शासकीय प्राथमिक शाला शिकारीपारा, बालोद के नन्हे बच्चों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं को जीवंत करने की अनूठी पहल की। ये बच्चे लोकसंस्कृति को केवल पुस्तकों और आयोजनों तक सीमित नहीं रख रहे, बल्कि उसे अपने जीवन और व्यवहार में आत्मसात कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सुंदर प्रयास कर रहे हैं।
इस अवसर पर बच्चों ने समूह बनाकर मोहल्ले के घर-घर पहुंचकर दीप प्रज्वलित किए। साथ ही पारंपरिक सुवा नृत्य, सुवा गीत एवं माता सेवा गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने मां लक्ष्मी के स्थापित पूजा स्थलों पर श्रद्धापूर्वक माता सेवा गायन कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों से दीपावली का उत्सव लोकगीतों और छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक परंपराओं के रंग में रंग गया।
विद्यालय की प्रधान पाठिका श्रीमती वर्षा यादव के मार्गदर्शन एवं सुरश्री रानू निषाद के संरक्षण में तेजल, रिया, रोशनी, इशान, नवीन, मितांशु, नव्या, काव्या, माही, सेजल, मीठी, शालू सहित अन्य बालिकाएं इस सांस्कृतिक पहल में पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभा रही हैं।
बच्चों की यह पहल छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं, लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने की दिशा में सराहनीय उदाहरण है। दीपावली के अवसर पर इन नन्हे बच्चों ने यह संदेश दिया कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के लिए बड़े आयोजनों की नहीं, बल्कि छोटे-छोटे प्रयासों और संस्कारों की जरूरत होती है। सचमुच, ये बच्चे लोकसंस्कृति का केवल मंचन नहीं कर रहे, बल्कि उसे अपने जीवन में जीकर उसकी मिठास घर-घर तक पहुंचा रहे हैं।

