गुरु नानक स्कूल और आत्मानंद स्कूल के बच्चों ने बढ़-चढ़कर दिया योगदान, एकत्रित राशन एवं जरूरी सामग्री सेवा सरिता समिति को सौंपी; 50 से 60 बुजुर्गों को मिलता है प्रतिदिन एक समय का भोजन
दल्ली राजहरा। सेवा और सहयोग की भावना जब नई पीढ़ी के मन में जागृत होती है, तो समाज में सकारात्मक बदलाव की नई राह खुलती है। इसी उद्देश्य को लेकर दल्ली राजहरा के युवाओं ने ‘एक मुट्ठी अन्नदान महादान’ अभियान चलाया। इस अभियान में स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए अन्नदान के माध्यम से जरूरतमंद बुजुर्गों की मदद के लिए सराहनीय पहल की।
अभियान के तहत दल्ली राजहरा स्थित गुरु नानक स्कूल क्रमांक-1, गुरु नानक स्कूल क्रमांक-2 एवं स्वामी आत्मानंद स्कूल में शिक्षकों और विद्यार्थियों के सहयोग से अन्नदान अभियान संचालित किया गया। इसमें स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी सामर्थ्य के अनुसार खाद्य सामग्री एवं अन्य जरूरी वस्तुओं का दान किया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ना, जरूरतमंद एवं असहाय लोगों का सहयोग करना तथा बच्चों के भीतर बचपन से ही सेवा, संवेदना और दूसरों के लिए कुछ देने की भावना विकसित करना था। युवाओं की यह पहल अपने उद्देश्य में सफल रही और बच्चों ने भी सामाजिक जिम्मेदारी का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।
अभियान से एकत्रित सामग्री में लगभग 50 किलो चावल सहित दाल, आलू, प्याज, तेल, मसाले एवं कपड़े जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। सभी सामग्री दल्ली राजहरा स्थित सेवा सरिता समिति को सौंपी गई। यह समिति पिछले लगभग सात वर्षों से जरूरतमंद बुजुर्गों की सेवा में समर्पित है। समिति के माध्यम से ऐसे 50 से 60 बुजुर्गों को प्रतिदिन एक समय का भोजन उपलब्ध कराया जाता है, जो स्वयं भोजन की व्यवस्था करने में असमर्थ हैं। समिति का सेवा कार्य जनसहयोग के माध्यम से निरंतर संचालित हो रहा है।
इस सेवा कार्य में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक कल्पना बम्बोड़े भी पिछले छह वर्षों से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। स्वयंसेवकों द्वारा लगातार ‘अन्नदान महादान’ अभियान चलाकर समाज के लोगों और युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ा जा रहा है। अभियान के माध्यम से प्राप्त खाद्य सामग्री एवं अन्य सहयोग सेवा सरिता समिति को सौंपा जाता है, जिससे जरूरतमंद बुजुर्गों तक भोजन पहुंचाने के कार्य में सहायता मिलती है।
इस अभियान को सफल बनाने में दल्ली राजहरा के युवा सुधीर यादव, नरेश, मोहन, महेश, अमर लालवानी एवं चेतन का विशेष योगदान रहा। वहीं शिक्षिका रणजीता कौर, गुरु नानक स्कूल क्रमांक-1 एवं 2 के सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों तथा आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य एवं स्टाफ का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिला।
युवाओं की इस पहल ने यह संदेश दिया कि सेवा के लिए बड़ी संपत्ति नहीं, बल्कि बड़ा दिल और सहयोग की भावना जरूरी है। बच्चों की एक-एक मुट्ठी अन्न जरूरतमंद बुजुर्गों के लिए सहारा बन सकती है।



