धनतेरस पर विधि-विधान से हुई माता लक्ष्मी की स्थापना, भाई दूज पर डांग-डोरी और धूमाल बाजे के साथ निकली विसर्जन शोभायात्रा
बालोद। ग्राम मेढकी में दीपावली का पर्व समस्त ग्रामवासियों ने हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया। पर्व के प्रथम दिन धनतेरस पर विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ माता लक्ष्मी की स्थापना की गई। दिनभर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार और गांव की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, लक्ष्मी पूजन के पश्चात रात्रि में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दीपावली पर्व के अवसर पर गोवर्धन पूजा का विशेष आकर्षण देखने को मिला। इस दिन यादव समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा एवं साज-सज्जा के साथ डांग-डोरी लेकर ग्रामवासियों के साथ गांव के विभिन्न देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना करते हुए निकले। इस दौरान दोहा का वाचन करते हुए नाचते-गाते सभी गोवर्धन पूजा मैदान पहुंचे। यहां पूरे विधि-विधान से गोवर्धन पूजा संपन्न की गई। पूजा के बाद ग्रामीणों ने एक-दूसरे को गोवर्धन लगाकर गले मिलते हुए पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। बच्चों में भी दीपावली को लेकर खासा उत्साह रहा। उन्होंने पटाखे फोड़कर और आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं।
वहीं, भाई दूज के दिन माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना के बाद दोपहर 1 बजे विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। डांग-डोरी और धूमाल बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में ग्रामीण नाचते-गाते और माता की स्तुति करते हुए पूरे गांव का भ्रमण किया। इसके पश्चात विधि-विधान से माता लक्ष्मी की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
इस पूरे आयोजन में गांव की महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। पर्व को सफल बनाने में समस्त ग्रामवासियों, ग्राम विकास समिति एवं नवयुवक समिति का सराहनीय योगदान रहा। ग्राम मेढकी में दीपावली का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और पारंपरिक संस्कृति का सुंदर उदाहरण बना।




