मौलाना अबुल कलाम आज़ाद ने रखी आधुनिक भारतीय शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव, राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर विशेष लेख

Darshan Balod
0

 

स्वतंत्रता संग्राम से लेकर शिक्षा के राष्ट्रीयकरण तक रहा ऐतिहासिक योगदान, लेखिका श्रीमती रजिया अंजुम शेख ने उनके जीवन और शैक्षणिक विचारों पर डाला प्रकाश

बालोद। भारत के स्वतंत्रता संग्राम और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था के निर्माण में मौलाना अबुल कलाम आज़ाद का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद्, पत्रकार एवं स्वतंत्र भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना आज़ाद ने देश में शिक्षा के विस्तार, समान शैक्षणिक अवसरों और उच्च शिक्षा के विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके जन्मदिवस 11 नवंबर को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के रूप में मनाया जाता है।

इस अवसर पर श्रीमती रजिया अंजुम शेख ने विशेष लेख के माध्यम से मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के जीवन, संघर्ष और शिक्षा के क्षेत्र में उनके ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित किया है।

मौलाना अबुल कलाम आज़ाद का जन्म 11 नवंबर 1888 को मक्का में हुआ था। बचपन से ही अध्ययन और लेखन में रुचि रखने वाले आज़ाद ने अरबी, फारसी, उर्दू, दर्शनशास्त्र और गणित सहित अनेक विषयों का ज्ञान अर्जित किया। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अपनी पत्रकारिता और विचारों के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना जगाने का कार्य किया। वर्ष 1912 में उन्होंने 'अल-हिलाल' समाचार पत्र प्रारंभ किया, जिसके माध्यम से ब्रिटिश शासन की नीतियों का विरोध और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे। वर्ष 1923 में वे कांग्रेस के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने। इसके बाद 1940 से 1946 तक उन्होंने पुनः कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाई। भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान भी उन्होंने स्वतंत्रता संघर्ष में सक्रिय भूमिका निभाई।

शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम योगदान

आजादी के बाद मौलाना अबुल कलाम आज़ाद स्वतंत्र भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री बने और 1947 से 1958 तक इस पद पर कार्य किया। उन्होंने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण आधार माना। उनका विशेष जोर 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा, महिला शिक्षा, प्रौढ़ शिक्षा तथा तकनीकी और उच्च शिक्षा के विस्तार पर था।

उनके कार्यकाल में वर्ष 1951 में देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर की स्थापना हुई। वर्ष 1953 में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) का औपचारिक उद्घाटन भी उनके द्वारा किया गया। इसके अलावा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद, संगीत नाटक अकादमी, साहित्य अकादमी और ललित कला अकादमी जैसी संस्थाओं के विकास में भी उनके कार्यकाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

महिला शिक्षा और वैज्ञानिक सोच के थे प्रबल समर्थक

मौलाना आज़ाद का मानना था कि शिक्षा पर प्रत्येक व्यक्ति का समान अधिकार है। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं की शिक्षा को सामाजिक विकास के लिए आवश्यक बताया। वे चाहते थे कि विद्यार्थियों में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि तार्किक क्षमता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और मानवीय संवेदनाओं का भी विकास हो।

वर्ष 1992 में उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया। वर्ष 2008 से उनकी जयंती 11 नवंबर को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के रूप में मनाई जा रही है। इस दिन देशभर के शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षा के महत्व और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

आज भी प्रासंगिक हैं उनके शैक्षणिक विचार

श्रीमती रजिया अंजुम शेख ने अपने लेख में बताया कि वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास, वैज्ञानिक अनुसंधान और नई शिक्षा नीति के दौर में मौलाना आज़ाद के विचार अत्यंत प्रासंगिक हैं। उनका सपना था कि कोई भी बच्चा आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियों के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।

राष्ट्रीय शिक्षा दिवस हमें यह संदेश देता है कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जागरूक, जिम्मेदार और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण का आधार है। मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के योगदान को याद करते हुए प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण और समान शिक्षा पहुंचाने का संकल्प लेना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

विशेष लेखिका – श्रीमती रजिया अंजुम शेख

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top