सिर्फ अपने घर नहीं, बुजुर्गों के जीवन में भी रोशनी बिखेरने की पहल... समाज के हर वर्ग और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने मिलकर निभाई परंपरा, पूजा-अर्चना से लेकर मिठाई, नए कपड़े और पटाखों तक बांटीं त्योहार की खुशियां
बालोद। दीपावली का असली आनंद तभी है, जब खुशियां अपनों तक सीमित न रहकर उन लोगों तक भी पहुंचे, जिन्हें अपनों के साथ और स्नेह की सबसे अधिक जरूरत है। इसी मानवीय भावना को साकार करते हुए बालोद जिले के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने सुख आश्रय वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ दीपावली का पर्व आत्मीयता और उत्साह के साथ मनाया। खास बात यह है कि स्वयंसेवक पिछले छह वर्षों से लगातार वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाने की परंपरा निभा रहे हैं।
वरिष्ठ स्वयंसेविका कल्पना बम्बोडे़ के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष पहल के माध्यम से हर वर्ष बुजुर्गों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा की जाती हैं। इस आयोजन की सबसे खूबसूरत बात यह भी रही कि इसकी पूरी व्यवस्था में समाज के हर वर्ग और समुदाय के लोगों ने अपनी सहभागिता निभाई। स्कूलों के शिक्षक, विद्यार्थी और बालोद जिले के दल्ली राजहरा, गुरूर, अर्जुंदा, डौंडीलोहारा, गुंडरदेही एवं अरमरीकला के वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने आपसी आर्थिक सहयोग से आयोजन को सफल बनाया। अलग-अलग धर्म, समुदाय और संगठनों से जुड़े लोगों का एकजुट होकर इस नेक कार्य में योगदान देना सामाजिक एकता और सद्भाव की अनूठी मिसाल बना।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने वृद्धाश्रम परिसर में आकर्षक रंगोली सजाई और दीप प्रज्वलित किए। इसके बाद सभी ने नए कपड़े पहनकर मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की तथा बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। बुजुर्गों को मिठाइयां, शॉल, प्रसाद और खाने-पीने की सामग्री भेंट की गई। इसके बाद सभी ने मिलकर पटाखे जलाए और बुजुर्गों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। स्वयंसेवकों ने उनके साथ समय बिताकर उन्हें परिवार जैसा अपनापन देने का प्रयास किया।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने संदेश दिया कि दीपावली केवल दीप जलाने और मिठाइयां बांटने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह खुशियां बांटने, रिश्तों को मजबूत करने और समाज के हर व्यक्ति को अपनापन देने का अवसर है। बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज की धरोहर हैं। उनके अनुभव और आशीर्वाद जीवन की अनमोल पूंजी हैं। त्योहार की वास्तविक खुशी तभी है, जब किसी के जीवन में मुस्कान और अपनत्व की रोशनी पहुंचाई जा सके।
छह वर्षों से निरंतर जारी यह पहल सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का प्रेरणादायक उदाहरण बन रही है।
इस अवसर पर वरिष्ठ स्वयंसेवक प्रताप सर्वा, टेकराम पटेल, खिलेश्वर साहू, मनीषा राणा, सेवंत कुमार नेताम, प्रणव तिवारी, दीपेश, दीप्ति पटेल, युवकांत सिन्हा, राहुल भारती, डी. गंगबेर एवं अजय यादव उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में शिक्षिका रंजिता कौर, गुरुनानक स्कूल क्रमांक 1 एवं 2, दल्ली राजहरा के शिक्षक-शिक्षिकाओं, स्कूली बच्चों, आत्मानंद स्कूल के शिक्षक एवं स्टाफ तथा स्वयंसेवक अमर लालवानी, खेम निषाद, चेतन और सुधीर यादव का विशेष सहयोग रहा।

